हापुड़: रिलायंस बायो सीएनजी प्लांट में पराली के ढेर में लगी आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
हापुड़ के चितौली रोड स्थित रिलायंस बायो सीएनजी प्लांट में शनिवार शाम पराली के ढेर में आग लग गई। सूचना ...और पढ़ें
-1775966775365_m.webp)
रिलायंस बायो सीएनजी प्लांट में पराली के ढेर में लगी आग। जागरण
HighLights
हापुड़ रिलायंस बायो सीएनजी प्लांट में पराली के ढेर में आग।
दमकल की दो गाड़ियों ने प्लांट कर्मचारियों संग आग बुझाई।
समय रहते आग पर काबू पाया, बड़ा हादसा टल गया।
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ में चितौली रोड स्थित रिलायंस के बायो सीएनजी गैस प्लांट में शनिवार शाम पराली के ढेर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और प्लांट कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे प्लांट के पिछले हिस्से में ईंधन के रूप में रखी पराली के बड़े ढेर में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और साथ ही दमकल और पुलिस विभाग को सूचना दी।
आग पर पूरी तरह काबू पाया
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो अग्निशमन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने प्लांट के कर्मचारियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों ने आसपास रखी अन्य पराली और ज्वलनशील सामग्री को भी सुरक्षित स्थान पर हटाया, ताकि आग दोबारा न भड़क सके।
बड़ा नुकसान होने से बचा लिया
थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और प्लांट को भी बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया। यदि आग फैल जाती तो प्लांट परिसर में रखे अन्य ईंधन और उपकरणों तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सोनीपत में हार्डवेयर की दुकान में लगी आग, भर-भराकर गिरी छत; ऊंची लपटें देख सहमे लोग
शुरुआती जांच के अनुसार, आशंका है कि गर्मी या किसी चिंगारी के कारण पराली में आग लगी हो सकती है। अधिकारियों ने प्लांट प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
