हापुड़ में त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश: रवीश गुप्ता
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने हापुड़ के उपेड़ा गांव में बिजली घर का औचक निरीक्षण किया।
-1792297372587_m.webp)
हापुड़ में त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
रवीश गुप्ता ने उपेड़ा बिजली घर का औचक निरीक्षण किया।
त्योहारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली बढ़ाने और शिकायतें तुरंत निपटाने को कहा।
हर्ष अग्रवाल, हापुड़। त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति में व्यवधान न आए, इसके लिए ऊर्जा निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता शनिवार को गांव उपेड़ा स्थित बिजली घर पहुंचे और औचक निरीक्षण किया।
कार्यों की समीक्षा की गई
इस दौरान उन्होंने अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
रवीश गुप्ता ने उपकेंद्र के कंट्रोल पैनल, स्विचयार्ड में स्थापित पावर ट्रांसफार्मर और कंट्रोल रूम के विस्तार कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल पैनल और ट्रांसफार्मर सुचारु अवस्था में मिले।
नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान
उन्होंने बिजली घर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था व विद्युत उपकरणों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की बात की।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही अधिकारियों को राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
