हापुड़ में बिना मान्यता चल रहे दो स्कूलों पर होगी कड़ी कार्रवाई
हापुड़ के सिखेड़ा गांव में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में दो विद्यालय बिना मान्यता के संचालित पाए गए।
-1792296803879_m.webp)
हापुड़ में बिना मान्यता चल रहे दो स्कूलों पर होगी कड़ी कार्रवाई ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
हापुड़ में दो स्कूल बिना मान्यता के चल रहे थे।
निरीक्षण में गणपति और हिमायत स्कूल की पोल खुली।
शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
ध्रुव शर्मा, हापुड़। ब्लॉक क्षेत्र के सिखेड़ा गांव में संचालित दो विद्यालयों पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में खरे नहीं उतरे हैं।
जांच के दौरान मान्यता से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं मिलने पर विभाग नाराज है। दोनों विद्यालयों पर आगे की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
स्कूल की हालत बदहाल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने बताया कि 15 अक्टूबर को सिखेडा गांव में संचालित गणपति पब्लिक स्कूल और हिमायत मेमोरियल पब्लिक स्कूल का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों विद्यालयों के प्रबंधन मान्यता से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद दोनों विद्यालयों का संचालन बिना मान्यता के होता पाया गया। निरीक्षण के दौरान गणपति पब्लिक स्कूल में कमरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली, जबकि यहां कक्षा दस तक की पढ़ाई कराई जा रही थी।
वहीं, हिमायत मेमोरियल पब्लिक स्कूल आवासीय भवन में संचालित होता मिला। दोनों विद्यालयों में मान्यता से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधकों को नियमानुसार ही संचालन करने के निर्देश दिए।
नियमो की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई
विद्यालय संचालकों को निर्देशित किया कि वे मान्यता संबंधी नियमों और निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कुछ विद्यालय ऐसे भी हैं कि उन पर मान्यता प्राथमिक की है और शिक्षा हाई स्कूल तक दे रहे हैं। ऐसे विद्यालयों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की आवश्यकता है।
विभाग ने इस कार्रवाई से साफ स्पष्ट कर दिया है कि अब विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- जनजातीय समुदाय का दुर्गोत्सव मनाने का अनूठा तरीका, झारखंड में दासाय पर्व में नौ कृषि उपज की पूजा
