हापुड़ में नोटबंदी के 10 साल बाद मिली 1.43 करोड़ की पुरानी करेंसी, 500-1000 के नोट बरामद; हिरासत में आरोपी
हापुड़ में पुलिस ने नोटबंदी के बाद प्रतिबंधित किए गए 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों का बड़ा जखीरा ...और पढ़ें

हापुड़ में पुरानी करेंसी बरामद। फोटो: सांकेतिक
HighLights
हापुड़ में 1.43 करोड़ से अधिक के पुराने नोट जब्त
गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी देवेंद्र को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस पुराने नोटों के स्रोत और उद्देश्य की जांच कर रही
जागरण संवाददाता, हापुड़। नोटबंदी के करीब एक दशक बाद हापुड़ में पांच सौ और एक हजार रुपये के पुराने नोटों का बड़ा जखीरा मिला है। थाना देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक की प्रतिबंधित पुरानी करेंसी बरामद की है।
इस मामले में गाजियाबाद के मुरादनगर के देवेंद्र को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ की जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में पुरानी करेंसी मिलने के बाद पुलिस अब इसके स्रोत और इसे रखने के पीछे के मकसद की जांच में जुट गई है।
1.43 करोड़ की पुरानी करेंसी बरामद
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि थाना देहात क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान देवेंद्र के कब्जे से पांच सौ और एक हजार रुपये के 1.43 करोड़ पुराने नोट बरामद हुए। नोटबंदी के बाद इन नोटों का चलन बंद हो चुका है।
ऐसे में एक व्यक्ति के पास इतनी बड़ी मात्रा में पुरानी करेंसी मिलने को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नोट देवेंद्र तक कैसे पहुंचे और क्या इन्हें किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से बदलवाने या किसी दूसरे तरीके से इस्तेमाल करने की तैयारी थी।
बरामद पूरी करेंसी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए देवेंद्र से लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
जांच के बाद खुलेगा पुरानी करेंसी का राज
पुलिस की जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बरामद पुरानी करेंसी किसी पुराने लेनदेन से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस बरामद नोटों और उनसे संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है।
थाना देहात पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से मुरादाबाद जा रहा था युवक, हापुड़ में ट्रेन की चपेट में आने से दोनों पैर जख्मी; गाजियाबाद रेफर
