विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने वाले नशेड़ी गिरफ्तार होंगे

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:52 AM (IST)

हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर शराब के नशे में धुत कार सवारों ने कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट की।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट ( एआई इमेज )

पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट ( एआई इमेज )

केशव त्यागी, हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बनखंडा स्थित पेट्रोल पंप पर शराब के नशे में धुत कार सवार आरोपितों ने दो कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

आरोप है कि विरोध करने और पुलिस से शिकायत की बात कहने पर दोनों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। पेट्रोल पंप संचालक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोनों शराब के नशे में थे धुत

बनखंडा स्थित प्रकाशवती किसान सेवा केंद्र के संचालक शिवम चौधरी ने बताया कि दस अक्टूबर की रात करीब साढ़े सात बजे एक कार पेट्रोल पंप पर पहुंची थी। कार में दो आरोपित सवार थे। आरोप है कि दोनों शराब के नशे में धुत थे।

कार से उतरते ही उन्होंने पेट्रोल पंप पर काम करने वाले सेल्समैन शिवम और सुनील के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट और अभद्रता की।

आरोपियों के खिलाफ उठी कार्रवाई की मांग

आरोप है कि घटना के बाद कार सवारों ने कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा कि अगर पुलिस से शिकायत की तो उन्हें जान से मार देंगे। इसके बाद दोनों कार लेकर वहां से चले गए। घटना के संबंध में पेट्रोल पंप संचालक ने थाना बाबूगढ़ में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

यह भी पढ़ें- हापुड़: आपकी थाली तक पहुंच रहा जहर, रात के सन्नाटे में पनीर और क्रीम में मिलाए जा रहे जानलेवा केमिकल