हापुड़ में छेड़छाड़ का विराेध करने पर तोड़े नर्स के दांत, सिरोधन बाईपास के पास चलते ऑटो से दिया धक्का
हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र में एक नर्स के साथ ऑटो चालक ने कथित तौर पर छेड़छाड़ और मारपीट की। ...और पढ़ें

छेड़छाड़ का विरोध करने पर नर्स को ऑटो से धक्का दिया। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
कपूरपुर में नर्स से ऑटो चालक ने की छेड़छाड़ और मारपीट
विरोध करने पर चालक ने चलते ऑटो से दिया धक्का, दांत टूटे
पुलिस ने आरोपित ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, धौलाना: कपूरपुर थाना क्षेत्र में अस्पताल में नर्स का काम करने वाली महिला के साथ ऑटो ड्राइवर ने कथित तौर पर छेड़छाड़ और मारपीट की।
विरोध करने पर ड्राइवर ने महिला के दांत तोड़ दिए और सिरोधन बाईपास के पास चलते ऑटो से धक्का देकर फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरोधन से ही शुरू कर दी छेड़छाड़
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात वह गुलावठी से अपने गांव लौट रही थी। घर जाने के लिए उसने रास्ते में एक ऑटो लिया। आरोप है कि सिरोधन से निकलते ही ऑटो ड्राइवर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में महिला के दांत टूट गए।
चलते ऑटो से धक्का देकर फरार
आरोप है कि सिरोधन बाईपास के पास ड्राइवर ने महिला को चलते ऑटो से धक्का दे दिया। ऑटो से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और मामले में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज की आरोपित पर रिपोर्ट
कपूरपुर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर ऑटो ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित ऑटो ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
