हापुड़: मर्जी से शादी करने के बाद SP दफ्तर पहुंची नवविवाहिता, खुद को बालिग बताकर मांगी सुरक्षा
हापुड़ में एक नवविवाहिता अपनी पसंद के युवक से शादी करने के बाद पति के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। उसने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए स्पष्ट किया कि उसने अपनी मर्जी से विवाह किया है और बालिग है, परिवार से किसी दबाव में नहीं है।
-1795870439552_m.webp)
नवदंपती का फाइल फोटो। जागरण
HighLights
नवविवाहिता ने अपनी पसंद से शादी की।
पति के साथ एसपी कार्यालय में सुरक्षा मांगी।
परिवार से झूठे आरोप की आशंका जताई।
जागरण संवाददाता, हापुड़। अपनी पसंद के युवक से शादी करने के बाद नवविवाहिता शुक्रवार को पति के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। यहां उसने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए स्पष्ट किया कि उसने अपनी मर्जी से विवाह किया है।
वह बालिग है और अपने पति के साथ खुश है। युवती ने आशंका जताई कि उसके स्वजन शादी से नाराज होकर पति के खिलाफ झूठे आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा सकते हैं।
हिंदू रीति-रिवाज से की शादी
अमरोहा जिले के धनौरा क्षेत्र के गांव महमदी कौलारा की रहने वाली सुरभि ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी जन्मतिथि चार जुलाई 2004 है। वह बालिग है। उसने 19 नवंबर 2026 को अपनी पसंद के युवक दीपक सिंह निवासी गांव छपकौली, थाना बाबूगढ़ के साथ दिल्ली में हिंदू रीति-रिवाज और सनातन वैदिक परंपरा के अनुसार विवाह किया है। उसने शादी से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं।
युवती ने बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ है और न ही किसी ने उसे प्रलोभन देकर या दबाव बनाकर शादी के लिए मजबूर किया। उसने अपनी स्वेच्छा से दीपक के साथ विवाह किया है। वह अपने पति के साथ खुश है और आगे भी उसी के साथ वैवाहिक जीवन बिताना चाहती है।
सुरभि ने प्रार्थना पत्र में यह भी स्पष्ट किया कि वह मायके से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी या अन्य कोई सामान लेकर नहीं आई है। विवाह में किसी तरह का दबाव नहीं था और दोनों ने सादगी से शादी की है।
इस मामले में सीओ पिलखुवा मुनीशचंद ने युवती की बात सुनने के बाद बाबूगढ़ पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। युवती ने पुलिस से अपने और पति की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।