MLC Election 2026: हापुड़ में पोलिंग पार्टियां रवाना, 29 बूथों पर CCTV से निगरानी, किसे मिलेगी स्पेशल लीव?
हापुड़ में मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। प्रशासन ने 14 केंद्रों के ...और पढ़ें

एमएलसी चुनाव की तैयारियां पूरी। जागरण
HighLights
हापुड़ में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को।
14 केंद्रों पर 16,163 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग।
शांतिपूर्ण मतदान हेतु पोलिंग पार्टियां रवाना, सीसीटीवी निगरानी।
जागरण संवाददाता, हापुड़। मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के लिए शुक्रवार को जिले में मतदान होगा। इसके लिए 14 केंद्रों के 29 मतदान स्थलों पर सुबह आठ से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे।
चुनाव में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 11,937 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 4,226 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में चार मतदान कर्मी शामिल हैं। जिले के सभी 29 मतदान स्थलों पर एक-एक पोलिंग पार्टी भेजी गई है। इसके साथ ही संबंधित थाना क्षेत्रों से पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
व्यवस्थाओं पर रहेगी प्रशासन की नजर
मतदान से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को केंद्रों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, संकेतक और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिलाधिकारी कविता मीना सहित सभी उपजिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी कविता मीना ने बताया कि वाहनों के माध्यम से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया है। मतदान सामग्री, मतपेटियों और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान के दौरान व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर रहेगी।
मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश
एमएलसी चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया गया है। जिलाधिकारी के अनुसार, शासन की स्वीकृति के बाद यह आदेश जारी किया गया है। इसके तहत जिले के ऐसे कर्मचारी, जो विश्वविद्यालय स्नातक हैं और स्नातक अथवा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वैध मतदाता हैं, उन्हें मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। वहीं, चुनाव के मद्देनजर जिले में सभी प्रकार की शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
एक नजर में मतदान की स्थिति
- मेरठ खंड स्नातक: आठ मतदान केंद्र, 23 मतदान स्थल और 11,937 मतदाता।
- मेरठ खंड शिक्षक: छह मतदान केंद्र, छह मतदान स्थल और 4,226 मतदाता।
- कुल: 14 मतदान केंद्र, 29 मतदान स्थल और 16,163 मतदाता।
- मतदान का समय: सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक।
यह भी पढ़ें- ‘टक्कर मारना’ व ‘राम ने यादव को मारा’ भी झांसी की वोटर लिस्ट में ,कल है स्नातक MLC चुनाव में मतदान
