विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में परीक्षा देने निकले भाई-बहन लापता, घर से ले गए हैं 10 हजार रुपये; 50 CCTV खंगालने पर मिला सुराग

Published: Sat, 21 Nov 2026 02:18 PM (IST)

हापुड़ से परीक्षा देने निकले भाई-बहन केशव और करुणा चौधरी लापता हो गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में वे बाबूगढ़ छावनी में बाइक छोड़कर थ्रीव्हीलर से आगे जाते दिखे, पुलिस छिजारसी टोल तक उनका सुराग लगा चुकी है।

भाई-बहन के लापता होने पर जांच में जुटी पुलिस। जागरण

भाई-बहन के लापता होने पर जांच में जुटी पुलिस। जागरण

HighLights

  1. हापुड़ से परीक्षा देने निकले भाई-बहन केशव-करुणा लापता हुए।

  2. बाबूगढ़ छावनी में बाइक छोड़ थ्रीव्हीलर से आगे बढ़े।

  3. पुलिस ने छिजारसी टोल प्लाजा तक उनका सुराग लगाया।

जागरण संवाददाता, हापुड़। परीक्षा देने के लिए घर से निकले भाई-बहन के लापता होने का मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है।

वहीं, दोनों की तलाश में जुटी पुलिस को बाबूगढ़ छावनी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से अहम सुराग मिला है। फुटेज में दोनों सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक पर जाते दिखाई दे रहे हैं। उनके पास दो बैग भी नजर आ रहे हैं।

छावनी में बाइक खड़ी करने के बाद दोनों थ्रीव्हीलर में बैठकर आगे रवाना हो गए। पुलिस अब तक करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है।

छिजारसी टोल प्लाजा तक दोनों का रूट भी स्पष्ट कर लिया गया है। उधर, परिजनों भी रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार तलाश कर रहे हैं।

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव जैतपुर के यतीन कुमार का बेटा केशव 12वीं और बेटी करुणा चौधरी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। दोनों 17 नवंबर की सुबह गाजियाबाद के चौधरी मोड़ स्थित एमएमएच कॉलेज में परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकले थे।

परिजनों को बताया था कि वे बस से गाजियाबाद जाएंगे, लेकिन दोनों न तो कॉलेज पहुंचे और न ही वापस घर लौटे। शाम तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार की चिंता बढ़ गई।

10 हजार रुपये लेकर निकला था युवक

पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक घर से दस हजार रुपये लेकर निकला था। पहले भी वह किसी को बिना बताए घर से घूमने के लिए जा चुका है। कई दिन पहले उसने पिता से गंगा मेले में जाने की जिद भी की थी।

ऐसे में पुलिस दोनों के संभावित ठिकानों और उनके जाने के उद्देश्य को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। बाबूगढ़ छावनी में बाइक छोड़कर थ्रीव्हीलर से आगे जाने के पीछे क्या वजह रही, यह भी जांच का विषय है।

परिजन भी खंगाल रहे संभावित ठिकाने

दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं। स्वजन अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर लगातार जानकारी जुटा रहे हैं।

वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे का रूट तलाश रही है। छिजारसी टोल तक मिले सुराग के बाद अब आगे के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। जल्द से जल्द उनका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।