विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में मिड-डे मील की खिचड़ी में मिले कीड़े, बच्चों की सेहत से खिलवाड़ पर भड़के पैरेंट्स

Published: Tue, 22 Sep 2026 08:08 PM (IST)

हापुड़ के बाबूगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को दिए गए मिड-डे मील की खिचड़ी में कीड़े मिलने से अभिभावक ...और पढ़ें

हापुड़ के स्कूल में मिड-डे मील की खिचड़ी में मिले कीड़े।

हापुड़ के स्कूल में मिड-डे मील की खिचड़ी में मिले कीड़े।

HighLights

  1. हापुड़ के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील की खिचड़ी में कीड़े मिले।

  2. अभिभावकों ने बच्चों की सेहत से खिलवाड़ पर शिक्षा विभाग से शिकायत की।

  3. रसोइया को हटाया गया, अन्य आरोपों की जांच जारी है।

संवाद सहयोगी, हापुड़। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। विकासखंड के गांव बाबूगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को दिए गए मिड-डे मील की खिचड़ी में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है।

बच्चों के भोजन को घर ले जाने के बाद अभिभावकों ने जब टिफिन खोला तो उसमें कीड़े दिखाई दिए। यह देखकर अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शिक्षा विभाग से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार सोमवार को विद्यालय में मिड-डे मील तैयार कराया गया था। कुछ बच्चे चावलों की खिचड़ी अपने टिफिन में घर ले गए। घर पहुंचने पर अभिभावकों ने टिफिन खोला तो खिचड़ी में कीड़े दिखाई दिए।

अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की शिकायत

इसके बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे, लेकिन वहां कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं मिलने पर उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत की। मंगलवार को शिकायत की जांच करने पहुंचे मिड-डे मील प्रभारी प्रदीप चौधरी के सामने अभिभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों पर भी गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया कि बच्चों से पढ़ाई के बजाय पानी भरवाने और अन्य घरेलू काम कराए जाते हैं। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी नियमित रूप से लापरवाही बरती जा रही है।

मिड-डे मील प्रभारी प्रदीप चौधरी ने बताया कि विद्यालय में तैनात महिला रसोइया को सेवाओं से हटा दिया गया है। अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में हर दिन 107 वृद्ध महिलाएं ले रहीं योजना का लाभ, 24 दिन में 2562 लोगों ने किया सफर