विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों की टॉफियों में गांजा, केरल में पकड़ा गया हापुड़ का 'पिंटू'; स्कूटी के सीक्रेट बॉक्स से निकली नशीली खेप

Published: Fri, 30 Oct 2026 08:11 PM (IST)

केरल में गांजा मिली टॉफियों के साथ हापुड़ के पिंटू की गिरफ्तारी के बाद अब हापुड़ पुलिस भी उसकी जानकारी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. केरल में गांजा मिली टॉफियों के साथ पिंटू गिरफ्तार।

  2. हापुड़ पुलिस पिंटू के पते और नेटवर्क की जांच कर रही।

  3. स्कूटी के गुप्त बॉक्स से मिली 872 ग्राम गांजा टॉफी।

केशव त्यागी, हापुड़। केरल में गांजा मिली टॉफियों के साथ गिरफ्तार किए गए हापुड़ के पिंटू को लेकर अब जिला पुलिस भी जानकारी जुटाने में लग गई है। 31 वर्षीय पिंटू आखिर जिले में कहां रहता है और उसका आपराधिक इतिहास क्या है, इसकी स्पष्ट जानकारी पुलिस के पास नहीं है।

केरल पुलिस की ओर से भी अभी तक जिला पुलिस को उसका पूरा पता और अन्य विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में पुलिस पिंटू की पहचान और उसके पुराने रिकॉर्ड खंगालने के साथ यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं उससे जुड़े गिरोह के सदस्य हापुड़ में भी गांजा तस्करी का रैकेट तो नहीं चला रहे हैं।

केरल के कोझिकोड में आबकारी विभाग की विशेष टीम ने पिंटू को गिरफ्तार किया था। आबकारी अधिकारियों के अनुसार, उसके कब्जे से 872 ग्राम गांजा मिली टाफियां बरामद हुई थीं। टॉफियों को स्कूटी की सीट के नीचे बने गुप्त बाक्स में छिपाकर रखा गया था।

आरोप है कि इन टॉफियों को विद्यार्थियों और छोटे दुकानदारों तक पहुंचाने की तैयारी थी। इस मामले ने नशीले पदार्थों की तस्करी के तरीकों और बच्चों व युवाओं तक उनकी पहुंच को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

आखिर...हापुड़ में कहां रहता है पिंटू?

स्थानीय पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल पिंटू के पते को लेकर है। उसका नाम और हापुड़ निवासी होने की जानकारी तो सामने आई है, लेकिन वह शहर या जिले के किस मोहल्ले अथवा गांव का रहने वाला है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, केरल पुलिस से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही उसकी पहचान और पृष्ठभूमि की पड़ताल को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

स्थानीय नेटवर्क की भी होगी पड़ताल

एएसपी महेश कुमार ने बताया कि पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिंटू के संपर्क हापुड़ में किन लोगों से थे और क्या उसके साथियों में कोई यहां सक्रिय है। यदि तस्करी के किसी स्थानीय नेटवर्क के संकेत मिलते हैं तो संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी। हालांकि, अभी उसके गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।