विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऑनलाइन निवेश के नाम पर हापुड़ में 6.09 लाख की ठगी, पुलिस जांच शुरू

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:00 AM (IST)

हापुड़ के रवि कुमार ने एक ऑनलाइन कंपनी में 6.09 लाख रुपये का निवेश किया, लेकिन अब कंपनी पैसे निकालने के लिए अतिरिक्त 2 लाख रुपये मांग रही है।

ऑनलाइन कंपनी में 6.09 लाख रुपये का निवेश ( एआई जेनरेटेड इमेज )

ऑनलाइन कंपनी में 6.09 लाख रुपये का निवेश ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. हापुड़ के रवि कुमार से ऑनलाइन निवेश में धोखाधड़ी।

  2. निवेश के 6.09 लाख रुपये निकालने को 2 लाख मांगे।

  3. साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

केशव त्यागी, हापुड़। ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नबी करीम के रवि कुमार ने ईजिस्टोरप्रो डॉट काम नाम की कंपनी में करीब 6.09 लाख रुपये निवेश किए।

आरोप है कि अब कंपनी ने उनका स्टोर फ्रीज कर दिया है और निवेश की रकम निकालने के लिए दो लाख रुपये अतिरिक्त जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कंपनी में छह लाख नौ हजार रुपये निवेश किए

रवि कुमार के अनुसार, दिल्ली की अनीता नाम की युवती ने उन्हें उक्त कंपनी के बारे में बताया था। इसके बाद उन्होंने कंपनी में करीब छह लाख नौ हजार रुपये निवेश किए।

आरोप है कि कंपनी की ओर से अब बताया जा रहा है कि उनके स्टोर पर लंबित आर्डर क्लियर कराने के बाद ही रकम निकालने की अनुमति दी जाएगी। इन आर्डर की कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये बताई गई है।

निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की आशंका

निवेश की रकम निकालने के लिए उनसे दो लाख रुपये विड्रॉल फीस के नाम पर मांगे जा रहे हैं।

कंपनी के हेल्पलाइन नंबर और व्हाट्सएप के माध्यम से भी रकम जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। लगातार अतिरिक्त रकम मांगे जाने पर उन्हें निवेश के नाम पर धोखाधड़ी होने का पता चला आशंका हुई।

मामले में पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में निवेश से संबंधित दस्तावेजों की छायाप्रति भी उपलब्ध कराई है। उन्होंने अपनी रकम वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एएसपी महेश कुमार ने बताया कि मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

आनलाइन ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी -

  • किसी भी आनलाइन निवेश या कारोबार से जुड़ने से पहले कंपनी की वास्तविकता, पंजीकरण और विश्वसनीयता की जांच करें।
  • निवेश की रकम निकालने के लिए अलग से भारी शुल्क, कर या सिक्योरिटी मनी जमा करने का दबाव बनाया जाए तो सतर्क हो जाएं।
  • कम समय में अधिक कमाई का दावा करने वाली योजनाओं पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
  • बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय विवरण अनजान लोगों को न दें।
  • भुगतान की रसीद, बैंक लेनदेन का विवरण, चैट, फोन नंबर और वेबसाइट से संबंधित जानकारी सुरक्षित रखें।
  • साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

यह भी पढ़ें- 3500 निवेशकों से ठगे 400 करोड़ रुपये, गाजीपुर में अंजली फाउंडेशन के मालिक का सामने आया कारनामा