दुर्लभ प्रजाति के 20 कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार, हापुड़ में पुलिस और वन विभाग का ज्वाइंट एक्शन
हापुड़ में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने टियाला बाइपास पर एक युवक को 20 प्रतिबंधित कछुओं के बच्चों के साथ गिरफ्तार किया है। युवक इन दुर्लभ प्रजाति के कछुओं को सफेद कपड़े से ढकी बाल्टी में छिपाकर तस्करी कर रहा था।

हापुड़ पुलिस ने वन विभाग के मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
हापुड़ में 20 प्रतिबंधित कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार।
युवक सफेद कपड़े से ढकी बाल्टी में छिपाकर ले जा रहा था।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी।
केशव त्यागी, हापुड़। वन्यजीवों की तस्करी करने वाले अब दुर्लभ प्रजाति के कछुओं को भी निशाना बना रहे हैं। हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के टियाला बाइपास पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक युवक को 20 प्रतिबंधित कछुओं के बच्चों के साथ गिरफ्तार किया है।
युवक इन कछुओं को सफेद कपड़े से ढकी प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर ले जा रहा था। बरामद कछुओं में 9 स्पाटेड पांड और 11 इंडियन टेंट टर्टल (कछुआ) प्रजाति के हैं। वन विभाग के अनुसार, दोनों प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-एक में शामिल हैं।
वनरक्षक एवं क्षेत्र प्रभारी सरिता भट्ट को 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी करने के लिए टियाला बाईपास की ओर आ रहा है।
सूचना मिलने पर पहुंची टीम
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद उपनिरीक्षक आशू भारद्वाज, उपनिरीक्षक कुलदीप चौधरी, हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार और कांस्टेबल मनीष कुमार के साथ वन विभाग के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी जोगपाल सिंह और वन दरोगा गौरव कुमार ने हापुड़-किठौर मार्ग पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद असौड़ा की तरफ से एक युवक हाथ में प्लास्टिक की बाल्टी लेकर आता दिखाई दिया।
टीम ने उसे रोककर बाल्टी की तलाशी ली तो उसमें कछुओं के बच्चे मिले। सफेद कपड़े से ढकी बाल्टी में नौ स्पाटेड पांड और 11 इंडियन टेंट टर्टल(कछुआ) प्रजाति के कछुए बरामद हुए। पकड़े गए युवक की पहचान असौड़ा गांव के शाहरुख पुत्र गफ्फार के रूप में हुई।
वहीं, पूछताछ में उसने कछुए बेचने का काम करने की बात बताई। टीम ने सभी 20 कछुओं को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
थाना देहात प्रभारी पारस मालिक ने बताया कि वन विभाग की ओर से आरोपित के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की धारा 2, 9, 39, 50 और 51 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कछुओं को कहां से लाया था और इन्हें किसे बेचने की तैयारी थी। कछुओं की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।