मुफ्त शराब नहीं दी तो तमंचा तान दिया, हापुड़ के ठेके पर बवाल करने वाला नफीस गिरफ्तार
हापुड़ में उधार या मुफ्त शराब न देने पर तमंचा दिखाकर धमकाने वाले आरोपी अमन उर्फ नफीस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित चितौली मोड़ के पास ठेके पर उधार शराब नहीं देने पर तमंचा दिखाकर धमकाने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि वह रात दस बजे के बाद भी मुफ्त में शराब मांगता था और मना करने पर ठेके पर ईंट-पत्थर फेंकने के साथ सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तमंचा बरामद किया है।
आवास विकास कालोनी मेरठ रोड के अमित कुमार ने बताया कि वह शराब के ठेके पर जीएम हैं। रामपुर रोड का अमन उर्फ नफीस अक्सर ठेके पर आकर उधार शराब मांगता था। शराब नहीं देने पर वह तमंचा दिखाकर धमकाता था।
10 बजे के बाद मुफ्त में शराब देने से किया इनकार और...
आरोप है कि रात दस बजे के बाद मुफ्त में शराब देने से इंकार करने पर वह ईंट-पत्थर फेंकता था। इससे ठेके पर काम करने वाला सेल्समैन भी भयभीत रहता था। 12 अक्टूबर को भी आरोपित ने इस तरह की हरकत की थी। जिसका वीडियो प्रसारित हुआ।
इसके बाद उन्होंने 14 अक्टूबर को कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित अमन उर्फ नफीस को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा भी बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
