विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रेम प्रसंग या रंजिश? हापुड़ में स्कूटी सवार युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

Published: Tue, 29 Sep 2026 11:01 AM (IST)

हापुड़ के आदर्श नगर कॉलोनी निवासी अमन सागर की मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उसका शव ...और पढ़ें

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।

HighLights

  1. अमन सागर का शव हापुड़ के खेत में मिला।

  2. सिर पर भारी वस्तु से वार के निशान मिले।

  3. पुलिस प्रेम प्रसंग और अन्य एंगल से जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, हापुड़। आदर्शनगर कॉलोनी के रहने वाले युवक अमन सागर की मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उसका शव बदनौली जाने वाले मार्ग पर स्थित उसके ही खेत में पड़ा मिला।

सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। शव के पास ही उसकी स्कूटी खड़ी मिली। रात से युवक के लापता होने के बाद स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। सुबह खेत में शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एएसपी सतीश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की भी हो रही जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद को भी हत्या की एक संभावित वजह मानकर जांच की जा रही है। इसके अलावा युवक की रात में किन लोगों से मुलाकात हुई और वह खेत तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के मोबाइल फोन की काल डिटेल और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

एएसपी के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- तमंचे के बल पर दुष्कर्म, फिर दलित किशोरी पर बनाया मतांतरण का दबाव; हापुड़ में 2 युवकों पर केस दर्ज