हापुड़ में तेंदुए की आसमान से हो रही निगरानी, ड्रोन से खंगाला जा रहा जंगल
हापुड़ के हिम्मतपुर-टोडरपुर मार्ग पर तेंदुआ दिखने की सूचना के बाद वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। डीएफओ ...और पढ़ें

हापुड़ में तेंदुए की ड्रोन से हो रही निगरानी। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
हिम्मतपुर-टोडरपुर मार्ग पर तेंदुए के दिखने की सूचना मिली।
वन विभाग ने डीएफओ गौतम सिंह के नेतृत्व में निगरानी बढ़ाई।
ड्रोन कैमरों से जंगल और खेतों की सघन तलाशी ली गई।
संवाद सहयोगी, सिंभावली। हिम्मतपुर-टोडरपुर मार्ग पर तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से वन विभाग ने भी क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी है। डीएफओ गौतम सिंह स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए की मौजूदगी वाले संभावित स्थानों का निरीक्षण किया।
डीएफओ ने ड्रोन कैमरे के माध्यम से जंगल, खेतों और झाड़ियों वाले क्षेत्रों को खंगालकर तेंदुए की तलाश कराई। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए।
टोडरपुर जाने वाले मार्ग पर तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली
वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि हिम्मतपुर गांव से टोडरपुर जाने वाले मार्ग पर तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। डीएफओ गौतम सिंह ने दरोगा सचिन कुमार और बीट प्रभारी तेजपाल सिंह के साथ क्षेत्र में पैदल निरीक्षण और गश्त की।
इस दौरान संभावित ठिकानों को चिह्नित कर ड्रोन कैमरे से उनकी निगरानी की गई। डीएफओ ने कर्मचारियों को हिम्मतपुर-टोडरपुर मार्ग और आसपास के जंगल व खेतों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों से भी रात के समय अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाने और तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
