हापुड़ में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में फैली दहशत, खेतों में जाने से डर रहे किसान
हापुड़ की प्रीत विहार कॉलोनी में एक तेंदुए की मौजूदगी सीसीटीवी फुटेज में कैद होने से पुष्ट हुई, वहीं सरावा ...और पढ़ें
-1783923958620_m.webp)
हापुड़ में प्रीत विहार कॉलोनी में दिखाई दिया तेंदुआ। वीडियो ग्रैब
HighLights
प्रीत विहार कॉलोनी में सीसीटीवी में तेंदुआ कैद हुआ।
सरावा गांव के खेतों में मिले तेंदुए के ताजा पंजों के निशान।
वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की तत्काल मांग की गई।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में कोतवाली क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में तेंदुए की मौजूदगी का दावा उस समय और मजबूत हो गया, जब कॉलोनी के एक सीसीटीवी कैमरे में उसकी चहलकदमी कैद हो गई।
वहीं, नजदीकी सरावा गांव के खेतों में भी सोमवार सुबह उसके पंजों के ताजा निशान मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना के बाद लोगों ने वन विभाग से तत्काल तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
सड़क पर घूमता दिखाई दिया तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, दिल्ली रोड स्थित हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण की प्रीत विहार कॉलोनी में रविवार देर रात स्थानीय लोगों ने एक बड़े वन्यजीव को घूमते देखा। संदेह होने पर कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक तेंदुआ सड़क पर घूमता हुआ दिखाई दिया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद कॉलोनी के लोग भयभीत हैं और रात के समय घरों से निकलने से बच रहे हैं।
किसानों में दहशत का माहौल
उधर, सरावा गांव में सोमवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को बड़े वन्यजीव के ताजा पंजों के निशान मिले। किसानों का दावा है कि ये निशान तेंदुए के हैं। सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण अब अकेले खेतों में जाने से बच रहे हैं और समूह बनाकर लाठी-डंडों के साथ खेतों की ओर जा रहे हैं।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन को दे दी है। लोगों की मांग है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाया जाए और तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर आबादी से दूर ले जाया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर खुलेआम घूम रहा तेंदुआ, दहशत में राहगीर और ग्रामीण
टीम को मौके पर भेजा गया
जिला वन विभाग गौतम कुमार के अधिकारियों के अनुसार, टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और पंजों के निशानों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वन्यजीव को देखकर उसके पास जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।
