दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर खुलेआम घूम रहा तेंदुआ, दहशत में राहगीर और ग्रामीण
गढ़मुक्तेश्वर वन रेंज में तेंदुओं का आतंक बढ़ा, रविवार को दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक तेंदुआ खुलेआम घूमता दिखा, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
HighLights
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर खुलेआम घूमता दिखा तेंदुआ।
गढ़मुक्तेश्वर वन रेंज में तेंदुओं का आतंक बढ़ा।
वन विभाग की कार्रवाई पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल।
जागरण संवाददाता, हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर वन रेंज क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को दिल्ली-लखनऊ हाईवे की सर्विस रोड पर एक तेंदुआ खुलेआम घूमता दिखाई दिया, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब एक सप्ताह से क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और हाईवे के आसपास कई बार तेंदुओं की मौजूदगी देखी जा चुकी है। इसके बावजूद वन विभाग अब तक किसी भी तेंदुए को पकड़ने में सफल नहीं हो पाया है। लोगों का आरोप है कि तेंदुआ हाईवे और आबादी के आसपास घूम रहा है, जबकि वन विभाग की टीमें केवल खेतों में तलाश करती नजर आ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। किसानों में भी खेतों पर जाने को लेकर भय बना हुआ है। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। तेंदुए की लगातार गतिविधियों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों की रातों की नींद उड़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाईवे और आबादी वाले क्षेत्रों में प्रभावी कांबिंग अभियान चलाकर जल्द से जल्द तेंदुओं को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
