दोस्त ने शराब पिलाकर गले पर किया चाकू से वार, हापुड़ में हत्या का प्रयास
हापुड़ में दोस्त ने शराब पिलाकर अपने साथी असद के गले पर चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास किया। ...और पढ़ें

दोस्त ने शराब पिलाकर गले पर किया चाकू से वार ( एआई इमेज )
केशव त्यागी, हापुड़। दोस्त को गाजियाबाद के गरिमा गार्डन से शराब पिलाकर हापुड़ लाने के बाद उसके गले पर चाकू से वार कर हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घायल युवक असद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेरठ के एलएलआरएम अस्पताल रेफर किया गया था।
घायल के भाई ने उसके दोस्त वसीम पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात व्यक्ति ने किया चाकू से वार
अमरोहा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशी के वसीम ने बताया कि उसका भाई असद गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में नौकरी करता है।
13 अक्टूबर की रात करीब ढाई बजे असद के दोस्त अमरोहा के मोहल्ला मुरादाबादी गेट के वसीम ने फोन काल कर सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने असद के गले पर चाकू से वार कर दिया है।
घायल को जिला अस्पताल हापुड़ में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर वह जिला अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक असद को मेरठ रेफर किया जा चुका था। इसके बाद वह मेरठ पहुंचा और भाई से घटना की जानकारी लेने के बाद हापुड़ में घटनास्थल पर आया।
आरोप है कि फ्रीगंज रोड स्थित शिवा रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि असद का दोस्त वसीम उसे गरिमा गार्डन से शराब पिलाकर हापुड़ लाया था। आरोपित ने असद को रेस्टोरेंट के सामने पड़े तख्त पर लिटा दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बाद आसपास किसी को मौजूद नहीं देखकर उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। घायल असद बचाव के लिए चिल्लाते हुए सड़क पर आया तो राहगीर रुक गए। आरोप है कि घटना के बाद आरोपित ने खुद को बचाने के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की बात कही।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर आरोपित वसीम के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सुपौल में बिना वैध कागजात चल रहा था अल्ट्रासाउंड सेंटर, जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने विजय अल्ट्रासाउंड किया सील
