'टंकी बनी, पाइपलाइन बिछी पर नहीं आया पानी', जल जीवन मिशन की खुली पोल; क्यों शोपीस बना ओवरहेड टैंक
हापुड़ के हाजीपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत लाखों की लागत से बनी पानी की टंकी पांच साल ...और पढ़ें

लाखों खर्च, पर सप्लाई नहीं हो रहा पानी।
HighLights
हाजीपुर में जल जीवन मिशन की टंकी शोपीस बनी।
पांच साल से पाइपलाइन बिछी, पानी नहीं आया।
ग्रामीणों को मार्च तक पानी मिलने का आश्वासन।
संवाद सहयोगी, जागरण
सिंभावली (हापुड़) :
सरकार की हर घर जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के बावजूद विकासखंड हापुड़ के हाजीपुर गांव के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए इंतजार कर रहे हैं। गांव में लाखों रुपए की लागत से बनाया गया ओवरहेड टैंक ग्रामीणों के लिए सफेद हाथी साबित हो रहा है।इसकी साफ सफाई तक नहीं की जा रही है। टंकी का निर्माण होने और पाइपलाइन बिछाए जाने के बावजूद पिछले करीब पांच साल से ग्रामीणों को इससे पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी है। ऐसे में पानी की टंकी केवल शोपीस बनकर खड़ी है और घरों तक पानी पहुंचाने का सरकारी दावा धरातल पर साकार नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत टंकी का निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का काम तो किया गया, लेकिन जलापूर्ति शुरू कराने की दिशा में जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। पांच साल से ग्रामीण टंकी से पानी मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन उनकी प्रतीक्षा खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी वे इस समस्या को लेकर विरोध जताते हैं, तब विभाग की ओर से कुछ काम शुरू करा दिया जाता है। हालांकि, कुछ समय बाद काम फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है।
---------
बोले ग्रामीण------
पानी की टंकी बनने के बाद उम्मीद थी कि अब घरों में नियमित रूप से पानी मिलेगा। लेकिन पांच साल बीतने के बाद भी यह उम्मीद पूरी नहीं हुई है। इस संबंध में डीएम से शिकायत करेंगे। -- प्रेमवीर सिंह, ग्रामीण
--
पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग उठाई जाती है, तब विभागीय स्तर पर कुछ काम शुरू करा दिया जाता है। कुछ दिन बाद फिर काम बंद हो जाता है। इस तरह बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। -- डा दयाप्रकाश ,ग्रामीण
--
ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण सरकार की योजना का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। --- नरेश पाल, ग्रामीण
--
टंकी और पाइपलाइन के कार्यों की स्थिति की जांच करें। जो भी काम अधूरा है, उसे जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को योजना का लाभ मिल सके और पांच साल से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो। ---- दर्शन सिंह, ग्रामीण
---
टंकी को जल्द से जल्द शुरू करने का प्रयास है, बीच में बजट नहीं आने के कारण काम पूरा नहीं हो पाया। बजट आ गया है, मार्च तक काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को पानी मिल सके।--- अनुज सांगवान अवर अभियंता, (जल निगम)
--
सतीश शर्मा
--------------