हापुड़ गंगा मेला बनेगा ग्रामीण हुनर और स्थानीय उत्पादों का बड़ा बाजार, तैयारी हुई पूरी
हापुड़ का कार्तिक गंगा मेला इस बार सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि ग्रामीण हुनर और स्थानीय उत्पादों को बाजार देने का ...और पढ़ें

हापुड़ गंगा मेला बनेगा ग्रामीण हुनर और स्थानीय उत्पादों का बड़ा बाजार ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
मेले में ग्रामीण हुनर और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा।
स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा विशेष स्थान।
हापुड़ गंगा मेला ग्रामीण अर्थव्यवस्था को देगा नई दिशा।
धर्मपाल आर्या, हापुड़। कार्तिक माह में लगने वाला गंगा मेला इस बार सिर्फ घूमने-फिरने और खरीदारी का ठिकाना मात्र ही नहीं होगा, बल्कि गांव के हुनर को बाजार और स्थानीय हाथों को रोजगार देने का मंच भी बनेगा।
जिला प्रशासन और जिला पंचायत मेले में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर दिखाने की तैयारी में जुटे हैं। मेले का प्रवेश मार्ग भी पहली बार बेहद आकर्षक होगा। मुख्य मार्ग के दोनों ओर सौ दुकान एकरूपता व आकर्षण वाली होंगी।
कारोबार को दी जा रही प्राथमिकता
इन दुकानों को खास रूप से जिले के स्थानीय कुटीर उद्योगों के सामान के लिए तैयार कराया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से गांव-देहात में छिपे हुनरमंदों की तलाश की गई है।
मिट्टी और लकड़ी के सामान से लेकर स्थानीय स्तर पर तैयार कपड़ों और खाद्य उत्पादों तक को मेले में जगह देकर उनकी गुणवत्ता और ब्रांडिंग के साथ बाजार उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। जिले के मुढ़े और चटाई के कारोबार को भी प्राथमिकता से प्रदर्शित किया जाएगा।
गंगा मेला एक ओर जहां आकर्षक होगा, वहीं ग्रामीण हुनर की चमक भी देखने को मिलेगी। मेला केवल मनोरंजन और खरीदारी तक सीमित न रहकर गांव-देहात में तैयार होने वाले उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगा।
जिला प्रशासन और जिला पंचायत ने मेले को रोजगारपरक बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से गांवों में छिपे हुनरमंदों और घरेलू स्तर पर उत्पाद तैयार करने वालों की पहचान की गई है।
मेले में स्थानीय उत्पादों की बिक्री के साथ उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर भी विशेष जोर रहेगा। प्रशासन की कोशिश है कि जिन ग्रामीण परिवारों की आय किसी हुनर या छोटे कारोबार पर निर्भर है, उन्हें मेले के माध्यम से सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिले। इससे ग्रामीण उत्पादों की पहचान बढ़ने के साथ ही इन्हें स्थायी बाजार मिलने की उम्मीद है।
मुढ़े-चटाई कारोबार को मिलेगी खास जगह
ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले मिट्टी और लकड़ी के सामान को मेले में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर तैयार कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और खाद्य उत्पाद भी मेले की हाट का हिस्सा बनेंगे।
अधिकारियों का जोर ऐसे उत्पादों पर है, जिनमें स्थानीय कारीगरों और महिलाओं की भागीदारी अधिक है। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुढ़े और चटाई के कारोबार को भी मेले में प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तुत करने की तैयारी है। मेले में इनके अलग-अलग डिजाइन और उपयोगिता वाले उत्पाद प्रदर्शित किए जा सकते हैं, ताकि स्थानीय कारोबारियों को नए ग्राहक मिल सकें।
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार होने वाले उत्पादों को भी मेले में विशेष स्थान दिया जाएगा। समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार खाद्य सामग्री, कपड़े, हस्तशिल्प और अन्य घरेलू उत्पादों की बिक्री के लिए स्टाल उपलब्ध कराने पर जोर है।
इससे महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और सीधे ग्राहक से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इस तरह गंगा मेला धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण हुनर, स्वरोजगार और स्थानीय कारोबार का बड़ा मंच भी बन सकता है।
गंगा मेले को लेकर शासन-प्रशासन बेहद गंभीर हैं। इस बार गंगा मेला को विशेष बनाने की तैयारी है। इसी क्रम में कई महत्वपूर्ण सुधार किए जा रहे हैं। मेले को मनोरंजन और मस्ती-धार्मिकता के भाव के साथ ही रोजगारपरक व आकर्षक बनाने की पहल की जा रही है। इस बार मेला जिले की आर्थिकी में बड़े सुधार का आधार बनेगा।-- शिशुपाल शर्मा - मेलाधिकारी व एएमए, जिला पंचायत हापुड़यह भी पढ़ें- 'होटल, जमीन और लग्जरी पानी का जहाज जब्त', अंडमान में घोटालेबाजों की 121 करोड़ की काली कमाई पर ईडी का बुलडोजर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।