विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में अवैध खनन पर वन विभाग का शिकंजा, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त; कार्रवाई से मचा हड़कंप

Published: Fri, 17 Jul 2026 04:30 PM (IST)

वन विभाग ने हापुड़ के बाबूगढ़ में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मिट्टी सहित ...और पढ़ें

दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मिट्टी सहित जब्त। जागरण

दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मिट्टी सहित जब्त। जागरण

HighLights

  1. वन विभाग ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ अभियान चलाया।

  2. हापुड़ के बाबूगढ़ में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिट्टी सहित जब्त।

  3. अवैध खनन से नहर किनारे के पेड़ों को भारी नुकसान।

संवाद सहयोगी, बाबूगढ़ (हापुड़)। वन विभाग ने क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मिट्टी सहित कब्जे में लिया है। मामले में वनरक्षक एवं बीट प्रभारी सरिता भट्ट की तहरीर पर बाबूगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

वन विभाग के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह करीब 8:15 बजे विभागीय टीम मध्य गंगा नहर की बाईं पटरी पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान बनखंडा पुल के निकट दो आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से नहर की पटरी के किनारे अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था।

टीम ने वाहनों को रोककर चालकों से खनन संबंधी अनुमति और दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान शिवा पुत्र ओमवीर और कृष्ण पुत्र हरि सिंह, रसूलपुर बहलोलपुर, थाना बाबूगढ़ के रूप में बताई।

100 पेड़ों की जड़ें खोखली हो गई

वन विभाग ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों को मिट्टी सहित कब्जे में लेकर सुरक्षा की दृष्टि से हाफिजपुर पौधशाला में खड़ा करा दिया। वन विभाग का कहना है कि अवैध खनन के कारण नहर किनारे खड़े करीब 100 पेड़ों की जड़ें खोखली हो गई हैं। इससे पेड़ों के गिरने और वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

वनरक्षक सरिता भट्ट की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश ग्रामीण वृक्ष संरक्षण अधिनियम, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस और वन विभाग मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हैं।