हापुड़: खेतों में काम करने गए थे बुजुर्ग दंपति, पीछे से घर का ताला खोलकर लाखों के जेवरात ले उड़े चोर
बहादुरगढ़ के आलमनगर गांव में एक वृद्ध दंपति के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी हो गए, जब वे खेतों पर काम करने गए थे।

पुलिस पर जांच के नाम पर गुमराह करने का आरोप।
HighLights
आलमनगर गांव में वृद्ध दंपति के घर चोरी हुई।
खेतों पर काम करते समय लाखों के गहने चुराए गए।
पुलिस कार्रवाई में देरी पर उच्च अधिकारियों से गुहार।
ध्रुव शर्मा, बहादुरगढ़। थाना क्षेत्र के आलमनगर गांव में खेतों पर काम करने गए वृद्ध दंपति के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी हो गए है। पीड़ित को पुलिस एक सप्ताह से जांच के नाम पर गुमराह कर रही थी। पुलिस कार्यप्रणाली से परेशान होकर दंपति ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के आलमनगर गांव में रहने वाले चंद्रपाल सिंह पशु चिकित्सक है। उनके बेटे एवं बेटी का विवाह हो चुका है। वर्तमान में चंद्रपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ गांव में ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह अक्सर खेतों पर चले जाते हैं तथा अंदर मकान की चाबी बरामदे में लटका जाते हैं।
क्या था पूरा मामला?
24 अक्टूबर को वह खेतों पर काम करने गए थे तथा चाबी को बरामदे में ही लटका गए थे। दोपहर के समय वह वापस आए तो देखा कि अलमारी में रखा सामान कुछ बिखरा हुआ था। पहले तो उनको सामान्य सा लगा, लेकिन जब अलमारी में रखा एक मंगलसूत्र, सोने की चेन, दो अंगूठी, पेंडिल, दो जोड़ी कानों के कुंडल, दो जोड़ी झूमकी गायब देखा तो उनके होश उड़ गए।
उन्हाेंने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी, लेकिन एक सप्ताह तक बहादुरगढ़ चौकी पुलिस के दारोगा उनको जांच कर जल्द पर्दाफाश करने का आश्वासन देते रहे।
पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है
उचित कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित ने अब उच्च अधिकारियों को तहरीर भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराने तथा पर्दाफाश कराने की मांग की है। इस संबंध में सीओ राहुल यादव का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।