विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ दशहरा मेले में उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा में तैनात रहे पुलिसकर्मी, CCTV से संदिग्धों पर रखी निगरानी

Published: Tue, 20 Oct 2026 10:46 PM (IST)

हापुड़ में दशहरा के मौके पर रामलीला मैदान में आस्था और उत्साह का संगम देखने को मिला। सुरक्षा के लिए ...और पढ़ें

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी, जागरण।

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी, जागरण।

HighLights

  1. हापुड़ दशहरा मेले में देर रात तक भारी भीड़ उमड़ी।

  2. सुरक्षा हेतु सादी वर्दी में पुलिसकर्मी, सीसीटीवी से निगरानी।

  3. यातायात डायवर्जन से वाहन चालकों को हुई परेशानी।

जागरण संवाददाता, हापुड़। दशहरा पर्व पर मंगलवार को शहर में आस्था और उत्साह का संगम देखने को मिला। रामलीला मैदान में दशहरा मेला देखने के लिए देर रात तक लोगों की भीड़ उमड़ती रही।

भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जबकि सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी मेले की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।

यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन लागू

शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शाम को रूट डायवर्जन लागू किया गया। इससे दिल्ली रोड पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दशहरा पर्व पर रामलीला मैदान में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने पहले से ही व्यवस्था संभाल ली।

निजामपुर की ओर से दिल्ली रोड के रास्ते शहर में आने वाले वाहनों को नेशनल हाइवे-09 पर सोना पेट्रोल पंप के रास्ते शहर में प्रवेश कराया गया।

वहीं, मेरठ तिराहा से दिल्ली रोड की ओर जाने वाले वाहनों को तहसील चौपला होते हुए सोना पेट्रोल पंप के रास्ते नेशनल हाइवे-09 की ओर निकाला गया। अचानक बदले यातायात मार्ग के कारण कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी।

सादी वर्दी में रही पुलिस की नजर

रामलीला मैदान में मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते रहे। इसके अलावा मैदान में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए निगरानी तंत्र को सक्रिय रखा

यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रही टीम 

एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि यातायात प्रभारी अपनी टीम के साथ रूट डायवर्जन का पालन कराने में जुटे रहे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

पर्व के दौरान रामलीला मैदान में देर रात तक लोगों की आवाजाही जारी रही। पुलिस की टीमें सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय रहीं।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने दी राहत! हापुड़ के कारोबारियों को ₹10 करोड़ से ज्यादा के बकाए पर मिलेगी 100% ब्याज छूट