विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DIG नैथानी का अफसरों को सख्त फरमान, पटाखों की दुकानों पर विस्फोटक नियमों का पालन जरूरी; वरना होगी कार्रवाई

Published: Thu, 05 Nov 2026 04:39 PM (IST)

डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने दीपावली पर आतिशबाजी से होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग को कड़े निर्देश दिए हैं।

डीआईजी कलानिधि नैथानी।

डीआईजी कलानिधि नैथानी।

HighLights

  1. दीपावली पर आतिशबाजी हादसों रोकने को पुलिस-अग्निशमन विभाग तैयार।

  2. डीआईजी ने पटाखों की दुकानों पर विस्फोटक नियमावली पालन के निर्देश दिए।

  3. दमकल वाहनों की तैनाती, पानी स्रोतों की सूची बनाने के आदेश।

जागरण संवाददाता, हापुड़। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार पर आगजनी की घटना होने पर दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी न हो, इसके लिए प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की जाएगी।

डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने परिक्षेत्र के सभी जिलों के अग्निशमन विभाग और थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं।

डीआईजी ने दिए स्पष्ट आदेश

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने स्पष्ट किया कि अग्निशमन की गाड़ियां और उपकरण हर समय क्रियाशील हालत में तैयार रहने चाहिए। आपातकालीन काल मिलते ही दमकलकर्मी न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचें। इसके लिए अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध कर्मचारियों और संसाधनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने पटाखों की अस्थायी दुकानों, भंडारण, निर्माण और परिवहन में विस्फोटक नियमावली-2008 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने को कहा है। थाना स्तर पर आतिशबाजी का कारोबार करने वाले व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा मानकों की जानकारी दी जाएगी। पटाखों की दुकानों के लिए जारी होने वाली अनुमति की प्रति संबंधित जिले के पुलिस प्रभारी को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

पानी के स्रोतों की सूची कंट्रोल रूम में होगी चस्पा

आग बुझाने के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीआईजी ने सभी जिलों में पानी के स्रोतों की सूची तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। इस सूची को कंट्रोल रूम में चस्पा किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में दमकलकर्मियों को पानी की तलाश में समय बर्बाद न करना पड़े। बड़े अग्निकांड की आशंका को देखते हुए स्थानीय निजी अग्निशमन सेवाओं से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।

दमकलकर्मियों की सुरक्षा और घायलों के उपचार पर जोर

डीआईजी ने दमकलकर्मियों को गमबूट, विशेष सुरक्षा पोशाक और चश्मे के साथ आग बुझाने के लिए रवाना होने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन वाहनों में स्ट्रेचर, अग्निरोधक कंबल और अन्य जरूरी उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे। वहीं, संभावित हादसों को देखते हुए अस्पतालों के बर्न वार्ड में उचित व्यवस्था रखने को कहा गया है।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 या अग्निशमन हेल्पलाइन 101 पर सूचना दें। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतें, जिससे दीपावली का त्योहार सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।