2027 के रण की तैयारी में जुटी भाजपा, हापुड़ में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
हापुड़ में भाजपा ने दीपावली मिलन समारोह के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यकर्ताओं को ...और पढ़ें
-1793621847826_m.webp)
कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र। जागरण
HighLights
हापुड़ में भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की।
दीपावली मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया।
सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
जागरण संवाददाता, हापुड़। दीवाली के उल्लास के बीच भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है।
गढ़ रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में दीपावली मिलन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में वक्ताओं ने एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने और प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लिया।
स्टेडियम का निर्माण कराया
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। हापुड़ क्षेत्र में सड़कों का चौड़ीकरण, पुलों का निर्माण, नवादा में नवोदय विद्यालय और आधुनिक स्टेडियम का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा जेल और पुलिस लाइन का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2027 में भाजपा फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए चुनावी तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण मित्तल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए आपसी एकजुटता जरूरी है। सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने में जुटें। पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. विकास अग्रवाल ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम का संचालन अजय भास्कर ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक जयप्रकाश, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय त्यागी, सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली, मंडल अध्यक्ष सुनील वर्मा, कपिल सिंघल, प्रशांत त्यागी, शैलेंद्र त्यागी, कुणाल चौधरी, मूलचंद त्यागी, योगेंद्र सिंह, रकम सिंह, जितेंद्र चौधरी, प्रमोद त्यागी, पायल सिंघल और हरिओम शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और संगठन की मजबूती के साथ चुनावी जीत का संकल्प दोहराया।