विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अचानक पीछे से आया और... घर के बाहर खड़े वकील पर झपटा बंदर, रोंगटे खड़े कर देगा CCTV वीडियो

Published: Sat, 26 Sep 2026 11:43 AM (IST)

हापुड़ में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जहां मोहल्ला लज्जापुरी में एक अधिवक्ता पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया, हालांकि वे बाल-बाल बच गए।

HighLights

  1. हापुड़ में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है।

  2. एक अधिवक्ता पर अचानक बंदर ने हमला किया, वे बाल-बाल बचे।

  3. नगर पालिका जल्द बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाएगी।

हर्ष अग्रवाल, हापुड़। हापुड़ में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदरों के झुंड लोगों के घरों और गलियों में पहुंचकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। मोहल्ला लज्जापुरी में घर के बाहर खड़े एक अधिवक्ता पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से अधिवक्ता घबरा गए और किसी तरह खुद को बचाया। गनीमत रही कि वह बंदर के हमले में घायल होने से बाल-बाल बच गए।

अधिवक्ता अनिल आजाद ने बताया कि वे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान आसपास घूम रहा एक बंदर अचानक उनकी ओर दौड़ा और उन पर झपट पड़ा। बंदर को अपनी ओर आता देख उन्होंने तुरंत पीछे हटकर खुद को बचाया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बंदर को वहां से भगाया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।

लगातार बढ़ रही बंदरों की संख्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बंदरों के झुंड छतों, गलियों और घरों के आसपास मंडराते रहते हैं। कई बार बंदर लोगों के हाथ से सामान छीनने के साथ ही अचानक हमला करने का प्रयास करते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक खतरा बना हुआ है।

लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बंदरों के आतंक पर अंकुश नहीं लगाया गया तो, कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही बंदरों को पकड़ने का काम किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बंदर ने पहले हमला किया और फिर दिया धक्का... कर्नाटक में 91 साल की महिला की मौत, घटना CCTV में कैद