सावधान! कहीं आप भी तो नहीं खा रहे वनस्पति, दही और एसेंस वाली नकली क्रीम? हापुड़ में बड़ा भंडाफोड़
खाद्य सुरक्षा विभाग ने हापुड़ में मिलावटी क्रीम बनाने वाली इकाई पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान 5 क्विंटल मिलावटी ...और पढ़ें
HighLights
हापुड़ में मिलावटी क्रीम बनाने वाली इकाई पर छापा।
वनस्पति, रिफाइंड तेल से बन रही थी नकली क्रीम।
पांच क्विंटल मिलावटी क्रीम नष्ट, तीन नमूने जांच को।
जागरण संवाददाता, हापुड़। मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। रात के अंधेरे में मिलावटी क्रीम का कारोबार संचालित हो रहा था। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रात 11 बजे शकरपुर कुचेसर चौपला स्थित जय नागर की क्रीम निर्माण इकाई पर छापा मार कार्रवाई की।
यहां वनस्पति, रिफाइंड आयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) और दही मिलाकर क्रीम तैयार की जा रही थी। टीम ने मौके से तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और करीब पांच कुंतल मिलावटी क्रीम नष्ट करा दी। नष्ट कराई गई क्रीम की कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई गई है।
कारोबार कराया बंद
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशन में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर ही खाद्य कारोबार का संचालन बंद करा दिया।
अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित, सहरिश सादात और विपिन मौजूद रहे।