हापुड़ में सड़क से पहले नाले की मांग: 500 परिवारों पर जलभराव का खतरा
हापुड़ के कृष्णानगर और शक्तिनगर के निवासियों ने बिना जल निकासी व्यवस्था के सड़क निर्माण का विरोध किया है।

हापुड़ में सड़क से पहले नाले की मांग ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
बिना नाले सड़क निर्माण पर हापुड़ निवासियों का रोष।
जल निकासी के अभाव में 500 परिवारों पर संकट।
स्थायी समाधान तक सड़क निर्माण रोकने की मांग।
हर्ष अग्रवाल, हापुड़। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-37 के मोहल्ला कृष्णानगर और शक्तिनगर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए बिना सड़क निर्माण कराने की तैयारी से स्थानीय लोगों में रोष है।
सोमवार को मोहल्लों के लोग एकत्र होकर नगर पालिका पहुंचे और अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर पहले नाले का निर्माण कराने और उसके बाद सड़क बनवाने की मांग की।
बिना सर्वेक्षण के बदले जाने की आशंका
डाक्टर वंदना वशिष्ठ, विजयगिरी, मनोज भारद्वाज ने बताया कि मोहल्ला भगवानपुरी और पन्नापुरी का पानी शक्तिनगर की ओर मोड़े जाने से निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई है। पिछले 40 वर्षों से पानी जिस दिशा में निकल रहा था, उसे बिना समुचित सर्वेक्षण बदले जाने की आशंका है।
कांति प्रसाद की धर्मशाला की ओर पानी का रुख करने से सैकड़ों घरों पर असर पड़ सकता है। भगवानपुरी के बाहरी नाले की दूरी करीब 200 मीटर होने के कारण इसके निर्माण और पानी की निकासी का तकनीकी समाधान तलाशने की जरूरत है।
विभागीय भूमि का सीमाकंन जारी
उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के निकट विभागीय भूमि का सीमांकन किया जा रहा है। ऐसे में सीमांकन पूरा होने और संबंधित विभागों के समन्वय से निकासी मार्ग स्पष्ट होने तक सड़क निर्माण रोकने की मांग उठाई गई। वर्तमान टेंडर निरस्त कर पहले स्थायी समाधान निकालने पर जोर दिया।
आरोप है कि निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना निर्माण कराने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे 500 परिवारों पर जलभराव का संकट गहरा रहा है। इस दौरान विजय पाल शर्मा, प्रवीण कुमार गर्ग, कपिल, आदित्य, दीपक वर्मा, रविंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।
