हापुड़ में इलाज के दौरान तीन वर्षीय बच्चे की मौत, स्वजन ने लापरवाही का आरोप लगा किया हंगामा
हापुड़ के धौलाना में एक तीन वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक ...और पढ़ें

हापुड़ में इलाज के दौरान बच्ची की मौत होने पर परिजनों का हंगामा।
HighLights
तीन वर्षीय बच्चे देव की इलाज के दौरान मौत हुई।
परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही और गलत दवा का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है।
संवाद सहयोगी, धौलाना। कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव भुडिया में इलाज के दौरान तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद स्वजन ने गांव के ही झोलाछाप पर इलाज में लापरवाही और गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी देवेंद्र बैरागी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका तीन वर्षीय पुत्र देव पिछले करीब एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। स्वजन ने पहले गांव में ही एक झोलाछाप से उसका उपचार कराया था। हालत में सुधार नहीं होने पर उसका इलाज जारी रहा, लेकिन अचानक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गम में डूबे स्वजन ने झोलाछाप पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजन को समझाकर शांत कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में सवर्ण समाज का यूजीसी नियमों और एससी-एसटी कानून के खिलाफ धरना प्रदर्शन
