हापुड़ में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात, घर के अंदर खाना खा रहा था परिवार; बाहर कार सवारों ने बरसा दीं ताबड़तोड़ गोलियां
हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी में दिनदहाड़े कार सवार हमलावरों ने संदीप शर्मा के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।
HighLights
हापुड़ में दिनदहाड़े घर के बाहर कार सवारों ने की फायरिंग।
पुरानी रंजिश के कारण संदीप शर्मा के घर को बनाया निशाना।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस टीम।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी में बृहस्पतिवार दोपहर उस समय दहशत फैल गई, जब कार सवार हमलावरों ने एक व्यक्ति के घर के बाहर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिस समय गोलियां बरसाई गईं, उस समय घर के अंदर परिवार के सभी सदस्य बैठकर खाना खा रहे थे।
अचानक गोलियों की आवाज से परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। हमलावरों की चलाई दो गोली घर के बाहर खड़ी पीड़ित की कार में जा लगी। गनीमत रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी और परिवार बाल-बाल बच गया।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरी कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार सवार हमलावर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।
पिछले दिनों हुआ था मॉल के मालिक से विवाद
जानकारी के अनुसार, आवास विकास कॉलोनी के संदीप शर्मा का पिछले दिनों एक मॉल के मालिक से विवाद हुआ था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी तनातनी हो गई थी। विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे संदीप शर्मा अपनी पत्नी सिमरन, डेढ़ वर्षीय बेटी और बेटे अभिरल के साथ घर में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान कार सवार हमलावर वहां पहुंचे और घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया है।
तीन खोखे मिले, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
दिनदहाड़े घर पर फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने कार और आसपास के स्थानों से साक्ष्य एकत्र किए। मौके से तीन खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में दिखे कार सवार हमलावर
वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस को हमलावरों तक पहुंचने की उम्मीद है। फुटेज में कार सवार हमलावर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। गोलियां चलने की आवाज और तड़तड़ाहट भी स्पष्ट सुनाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
पुरानी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच
रिहायशी कॉलोनी में दिनदहाड़े घर को निशाना बनाकर फायरिंग करने से स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि परिवार का कोई सदस्य घर के बाहर होता तो बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस पुराने विवाद को वारदात से जोड़कर देख रही है।
साथ ही हमलावरों की पहचान और घटना में इस्तेमाल कार के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।