मैं गढ़मुक्तेश्वर हूं... जानिए मेरी पूरी कहानी, मिनी हरिद्वार बनने का सपना आज भी अधूरा
गढ़मुक्तेश्वर, महाभारतकालीन पौराणिक नगरी, अपनी सांस्कृतिक विरासत और गंगा मेले के लिए प्रसिद्ध है, जहां द्वापर युग से परंपराएँ जीवंत ...और पढ़ें

गढ़मुक्तेश्वर के गंगा घाटों पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हुए। जागरण
HighLights
गढ़मुक्तेश्वर महाभारतकालीन पौराणिक नगरी, गंगा मेले का केंद्र।
औद्योगिक पहचान के बावजूद विकास की राह में बाधाएं।
ब्रजघाट और गंगा आरती को संरक्षण की आवश्यकता।
ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। मैं गढ़मुक्तेश्वर हूं- महाभारतकालीन पौराणिक नगरी हरिपुर का प्रतीक। मान्यता है कि द्वापर युग में पांडवों के साथ योगीराज श्रीकृष्ण ने यहां गंगातट पर पूजन किया था। तभी से मेरी पहचान गणों की मुक्ति वाली नगरी के रूप में बनी।
हर साल यहां गंगा मेले का आयोजन होता है। समय के साथ मेले का स्वरूप बदला, लेकिन सांझी संस्कृति और लोक मान्यताओं की परंपरा जीवंत रही। युगों की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना मेरा दायित्व रहा है।
सत्ता और व्यवस्थाओं में बदलाव के साथ मेले में उतार-चढ़ाव आए, फिर भी समाज और राष्ट्रहित के साथ प्रेम और समभाव की परंपरा कायम रही। यहां युवाओं के रिश्ते तय होते हैं, बच्चों का मुंडन और नवविवाहिताओं का कुआं पूजन गंगातट पर होता है।
देश-दुनिया में पहचान बनाई
पौराणिक पहचान के साथ गढ़मुक्तेश्वर प्रमुख औद्योगिक नगरी के रूप में भी उभरा है। यहां गुड़, गेहूं और धान के कारोबार के साथ बड़ी दाल मंडी है। यहां बने मूढ़ों के कारोबार ने देश-दुनिया में पहचान बनाई है। गंगा मेला प्रदेश सरकार को राजस्व देता है और क्षेत्र के हजारों परिवारों की रोजी-रोटी का साधन है।
इसके बावजूद अपेक्षित विकास नहीं हो सका। अलग-अलग समय पर हुई घोषणाएं धरातल पर नहीं उतर पाईं। गढ़मुक्तेश्वर, तिगरी, ब्रजघाट और ब्रजघाट के गंगापार क्षेत्र के मेलों को एक नहीं किया जा सका।
इस बार तिगरी मेले को पेंटून पुल से जोड़ने की कवायद धरातल पर उतरती दिख रही है। आवागमन की सुव्यवस्थित व्यवस्था न होने से पास-पास के इन मेलों के बीच पहुंचने में कई घंटे लगते हैं।
उत्तराखंड के अलग होने के बाद ब्रजघाट को मिनी हरिद्वार के रूप में विकसित करने का दावा किया गया था, लेकिन यह परवान नहीं चढ़ा। गंगा मेले और हर अमावस्या-पूर्णिमा पर गंगास्नान के दौरान लगने वाले लंबे जाम से अब तक निजात नहीं मिली।
स्थायी स्नान घाटों की व्यवस्था नहीं
जिम्मेदारों का दावा है कि गंगा एक्सप्रेसवे बनने के बाद जाम नहीं लगेगा। गढ़मुक्तेश्वर में गंगातट पर नौ किलोमीटर लंबा तटबंध बनाने की घोषणा भी पूरी नहीं हुई। यहां पक्के और स्थायी स्नान घाटों की व्यवस्था नहीं है।
मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, गंगा मंदिर, मीरा की रेती और गुदड़ी मेले को संरक्षण की जरूरत है। ब्रजघाट के गंगाघाट, फव्वारे, लेजर शो, घंटाघर, हनुमान मंदिर, वेदांत मंदिर और अमृत परिसर मंदिर का भी विकास जरूरी है। गढ़मुक्तेश्वर-ब्रजघाट की गंगा आरती को संरक्षण मिले तो इसकी पहचान काशी की आरती जैसी हो सकती है।
कल से शुरू हो रहे स्नान महापर्व पर गंगास्नान के बाद मेला क्षेत्र में गंदगी न फैलाएं और गंगा स्वच्छता मिशन का ध्यान रखें। गंगा का संरक्षण बना रहे, ताकि अगले साल मैं फिर नए उल्लास के साथ आपका स्वागत कर सकूं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।