यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पथराव करने वालों पर होगी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई
जागरण संवाददाता हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोती कालोनी में मंगलवार तड़के पशु कटान की सू

जागरण संवाददाता, हापुड़
कोतवाली क्षेत्र के मोती कालोनी में मंगलवार तड़के पशु कटान की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर पथराव करने वाले आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। मामले में दस नामजद व 30 अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, पथराव में घायल दारोगा की हालत में भी सुधार है। मंगलवार रात पुलिस ने आरोपितों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। मौके से गिरफ्तार तीन आरोपितों को पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बता दें कि मंगलवार तड़के पांच बजे चौकी सिकंदर गेट प्रभारी हेम सिंह को सूचना मिली की मोती कालोनी निवासी कदीम व आसिफ अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक घर में अवैध ढंग से पशु कटान कर रहे हैं। सूचना के बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए एक आरोपित को दबोच लिया था। अन्य आरोपितों ने खुद को घिरता देखकर परिवार की महिला के साथ पुलिस टीम पर पथराव कर दिया था। पथराव के दौरान दारोगा हेम सिंह सिर में पत्थर लगने से घायल हो गए थे। दारोगा का नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की माने को दारोगा की हालत में सुधार है। लेकिन उन्हें अभी आईसीयू में रखा गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि बुधवार को मौके से गिरफ्तार नाजिम, इकबाल व सलमान को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायाधीश ने आरोपितों को जेल भेज दिया है।
----
दो टीमों ने आरोपितों की तलाश में दी दबिश-
- कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर दो टीमों का गठन किया गया है। मंगलवार रात टीम के सदस्यों ने आरोपितों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। लेकिन आरोपितों का पता नहीं चल सका है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि अन्य आरोपितों की पहचान कर उन्हें नाम भी मुकदमे में शामिल हो सकें।
--------
आरोपितों पर होगी गैंगस्टर की कार्रवाई-
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में फिलहाल इनाम, आसिफ, नाजिम, कदीम, कासिम, सईद, नासिर मोटा, महबूब, इकबाल व सलमान के नाम हैं। अन्य आरोपितों की पहचान भी कराई जा रही है। सभी आरोपितों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
