सदियों पुरानी परंपराओं का अनूठा संगम, संस्कृति की विरासत समेटे गंगा की रेती में बसा ‘मिनी भारत’
हापुड़ का कार्तिक गंगा मेला आस्था के साथ ग्रामीण संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं का अनूठा संगम है, जिसे 'मिनी भारत' का स्वरूप दिया गया है।
-1794919615128_m.webp)
गंगा तट पर पूजन की परंपरा को सींखते हुए युवा। जागरण
ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। गंगा की रेती पर आस्था का सैलाब ही नहीं, बल्कि देश की विविधता, ग्रामीण संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं का अनूठा संगम भी दिखाई दे रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों, बोलियों, खानपान और रहन-सहन के बावजूद लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र एक है।
मां गंगा के प्रति श्रद्धा और मेले की मस्ती ने गंगा खादर को मिनी भारत का स्वरूप दे दिया है। यहां कहीं आल्हा और रागनी की गूंज है तो कहीं कबड्डी और कुश्ती के दांव-पेच। कहीं चूल्हे पर सिकती रोटी और घरेलू बिलोई गई छाछ का स्वाद है, तो कहीं ग्रामीण जीवन की पुरानी थाती समेटे देसी सामान की हाट सजी है। आधुनिकता के दौर में गंगा मेला नई पीढ़ी को गांव की जड़ों से जोड़ रहा है, वहीं बुजुर्गों को बीते दशकों की यादों में लौटने का अवसर दे रहा है।
महाभारतकालीन मान्यताओं से जुड़ा कार्तिक गंगा मेला अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। मान्यता है कि महाभारत युद्ध में विजय के बाद भी पांडव अपनों के वध के अपराधबोध से व्यथित थे। तब योगीराज श्रीकृष्ण उन्हें गढ़मुक्तेश्वर में गंगा तट पर लेकर आए थे।
यहां उन्होंने पड़ाव डाला और गंगा स्नान के साथ आध्यात्मिक उपदेश देकर पांडवों को मानसिक शांति का मार्ग दिखाया। इसी परंपरा से कार्तिक गंगा मेले की शुरुआत जुड़ी मानी जाती है। जिस स्थान पर पांडवों के घोड़ों का अस्तबल बनाया गया था, वहां आज भी घोड़ों का मेला लगता है।
गंगा तट पर पहुंचते ही लोगों की दिनचर्या और जीवनशैली बदल जाती है। मोबाइल नेटवर्क की सीमित उपलब्धता के कारण बाहरी दुनिया से संपर्क भी कम हो जाता है। ऐसे में परिवार और परिचितों के साथ गंगा स्नान, धार्मिक अनुष्ठान, कथा, आरती और मनोरंजन ही दिनचर्या का हिस्सा बन जाते हैं। मानो भागदौड़ भरी जिंदगी की चिंताओं को गंगा की लहरों के हवाले कर श्रद्धालु कुछ दिन अपनी मिट्टी और परंपराओं के बीच बिताने पहुंचते हैं।
उत्तरी भारत के ऐतिहासिक मेले को इस बार ग्रामीण संस्कृति के पुराने स्वरूप में सजाने का प्रयास किया गया है। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां कई महीने पहले से शुरू कर दी थीं। मेले के मध्य भाग और मेरठ सेक्टर में भ्रमण करने पर ठेठ देहाती रंग दिखाई देता है।
कहीं कबड्डी के मुकाबले हो रहे हैं तो कहीं कुश्ती के दांव-पेच दर्शकों को रोमांचित कर रहे हैं। ऊंची और लंबी कूद जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से पारंपरिक खेलों को मंच दिया जा रहा है। दूसरी ओर आल्हा, रागनी और महिला लोकगीतों की महफिल ग्रामीण संस्कृति की मिठास घोल रही है।
मेले में लगी देसी सामान की हाट भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां गांवों में कभी रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा रहे पारंपरिक सामान उपलब्ध हैं। महिलाएं दशकों पुराने घरेलू उपयोग के सामान को देखकर पुरानी यादें ताजा कर रही हैं।
वहीं नई पीढ़ी के लिए ये वस्तुएं ग्रामीण जीवन और पुरानी जीवनशैली को करीब से जानने का माध्यम बन रही हैं। खानपान में भी गांव की झलक बरकरार है। चूल्हे पर बनी हाथ की रोटी और घरेलू बिलोई गई छाछ के स्वाद वाले देसी होटल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले की सांस्कृतिक जीवंतता को और बढ़ा रही हैं। कहीं आल्हा के वीर रस से माहौल गूंज रहा है तो कहीं रागनी और देहाती गीतों पर महिलाएं और पुरुष झूम रहे हैं। यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बन रहा है।
बैलगाड़ी के पहिये से गत्ते के बोर्ड तक
कभी बैलगाड़ी के पहिये पर देवोत्थान की आकृति बनाकर गंगा किनारे मनाया जाता था पर्व, आज उसी परंपरा को नई पीढ़ी गत्ते के बोर्ड पर साकार कर रही है। वक्त बदला, बैलगाड़ियों की जगह ट्रैक्टर-ट्रालियों ने ले ली, गांव की जीवनशैली आधुनिक हो गई, लेकिन लोकआस्था और परंपराओं की डोर आज भी नहीं टूटी है। गंगा मेले की रेती में सिर्फ आस्था का संगम नहीं हो रहा, बल्कि एक पीढ़ी अपनी विरासत अगली पीढ़ी को सौंपती भी नजर आ रही है।
हम चाहते हैं कि मेला अपनी ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं का वाहक नजर आए। इसकी तैयारियां कई महीने पहले से शुरू कर दी गई थीं। प्रयास है कि मेले में घर कर चुकी कुरीतियों और बुराइयों से बचा जाए। पशुओं पर अत्याचार न हों और मेला क्षेत्र को जुआ व शराब जैसी बुराइयों से दूर रखा जाए। मेले को उसका पारंपरिक स्वरूप देना और जनमानस का उसे अपनाना ही हमारा उद्देश्य है। - कविता मीना, जिलाधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।