विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैं गंगा हूं... संस्कृति, आस्था और रोजगार की साक्षी; सदियों से राष्ट्र के विकास की अनवरत धारा

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:28 PM (IST)

गंगा नदी स्वयं को मानव संस्कृति का आधार बताते हुए अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का वर्णन करती है। वह श्रद्धालुओं से कार्तिक पूर्णिमा जैसे पर्वों पर स्नान के बाद अपनी निर्मलता बनाए रखने और कूड़ा न फैलाने का आग्रह करती है।

गंगा में स्तान करते श्रद्धालु। जागरण

गंगा में स्तान करते श्रद्धालु। जागरण

HighLights

  1. गंगा नदी का मानव संस्कृति और आस्था में गहरा महत्व।

  2. कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के बाद स्वच्छता बनाए रखने की अपील।

  3. गंगा की निर्मलता के लिए सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी आवश्यक।

ठाकुर डीपी आर्य, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। मैं गंगा हूं...। वहीं गंगा जिसका वर्णन रामायण-महाभारत और पुराणों में मिलता है। मैंने मानव संस्कृति को विकसित होते देखा है। मेरे तटियों पर पूजन-वंदन और स्नान करके कितने ही ऋषियों-मुनियों ने मोक्ष के सोपान चढ़े हैं।

संस्कृति के साथ ही मैंने खेती और रोजगार के साथ ही मानव के साथ सदियां बिताई हैं। मैंने समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाई है। बड़े व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्रों का विकास मेरे ही तटीय क्षेत्रों में हुआ है। मैं सदियों से अनवरत बह रही हूं।

मेरे तट पर आने वाला कोई भी श्रद्धालु कभी खाली हाथ नहीं लौटता। कोई अपने पापों से मुक्ति की कामना लेकर आता है तो कोई परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना करता है।

कार्तिक पूर्णिमा पर मेरे आंचल में आस्था की डुबकी लगाकर श्रद्धालु स्वयं को धन्य समझते हैं। मेरे जल में स्नान और पूजन से उन्हें आत्मिक शांति और पवित्रता का अनुभव होता है। मान्यता है कि मैं उनके पापों का हरण कर जीवन के तीनों प्रकार के तापों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करती हूं।

क्या कभी आपने सोचा है कि जिस गंगा को आप मां कहकर पुकारते हैं, उसकी स्वच्छता की जिम्मेदारी भी आपकी है? मेरे तट पर लाखों श्रद्धालु आते हैं।

हजारों परिवारों को मिलता है रोजगार

गंगा की रेती में लगने वाले मेले से हजारों दुकानदारों और परिवारों को रोजगार मिलता है। आप यहां से पुण्य और खुशियां लेकर लौटते हैं, लेकिन जाते समय अपने पीछे कूड़े-कचरे का ढेर छोड़ जाते हैं। प्लास्टिक की थैलियां, खाद्य पदार्थों के पैकेट, पूजन सामग्री और अन्य अपशिष्ट मेरे तटों की सुंदरता और स्वच्छता को प्रभावित करते हैं।

फैलने न दें कूड़ा

मेरी आपसे बस इतनी सी अपेक्षा है कि गंगा स्नान और पूजन के बाद लौटते समय स्वच्छता का भी संकल्प लेकर जाएं। मेला क्षेत्र में कहीं भी कूड़ा न फेंकें। निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें। दुकानदार भी अपनी दुकानों के आसपास सफाई रखें और अपशिष्ट को इधर-उधर न फैलने दें। याद रखिए, मैं सदियों से आपके जीवन और आस्था का आधार बनी हुई हूं। मेरी धारा कल-कल की ध्वनि के साथ अविरल बहती रहे, इसके लिए आपका छोटा सा प्रयास भी बहुत महत्वपूर्ण है।

मैं आपकी आस्था का केंद्र हूं, मेरी निर्मलता बनाए रखना भी आपकी आस्था का ही एक हिस्सा है। ताकि दशकों तक आप मेरे तट पर इसी पवित्र भावना से आते रहें और सदियों तक आपकी संततियों को मैं सांस्कृतिक विरासत से इसी प्रकार परिचित कराती रहूं।

किसी संस्था या अधिकारी के प्रयासों से मेरे तट और धारा की पवित्रता रहने वाली नहीं है, इसके लिए सभी को अपने हिस्से का सकारात्मक सहयोग करना होगा। मैं अगले साल कार्तिंक गंगा स्नान पर फिर आपकी प्रतीक्षा करूंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।