विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में FSDA की बड़ी कार्रवाई, छापामारी में पकड़ा 698 Kg मिलावटी पनीर; टीम ने कराया नष्ट

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:29 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 29 Nov 2026 09:03 AM (GMT+05:30)

हापुड़ के दतियाना गांव में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने एक पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान करीब 7 क्विंटल मिलावटी पनीर नष्ट किया गया और इकाई को बंद कर दिया गया।

हापुड़ में 7 क्विंटल मिलावटी पनीर नष्ट कराया गया। जागरण

हापुड़ में 7 क्विंटल मिलावटी पनीर नष्ट कराया गया। जागरण

HighLights

  1. FSDA ने हापुड़ के दतियाना गांव में पनीर इकाई पर छापा मारा।

  2. 7 क्विंटल मिलावटी पनीर नष्ट, अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये।

  3. अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण पनीर निर्माण इकाई को बंद कराया गया।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार रात थाना सिंभावली क्षेत्र के दतियाना गांव में पनीर निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा।

वहीं, निरीक्षण के दौरान मौके पर करीब सात क्विंटल पनीर तैयार मिला। मिलावट के संदेह और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारण के चलते टीम ने करीब 698 किलो पनीर नष्ट करा दिया। नष्ट किए गए पनीर की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान निर्माण इकाई को बंद करा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को जिलाधिकारी कविता मीना के निर्देश के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभिसूचना के आधार पर कार्रवाई की।

सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम रात करीब आठ बजे दतियाना स्थित पनीर निर्माण इकाई पर पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से इकाई में मौजूद लोगों में खलबली मच गई।

उधर, निरीक्षण के दौरान मौके पर करीब सात क्विंटल पनीर निर्मित पाया गया। टीम ने पनीर का एक नमूना संग्रहित किया। इसके साथ ही पनीर निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे रिफाइंड का भी एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

WhatsApp Image 2026-11-29 at 08.49.28

मौके पर जांच करती टीम। जागरण

मिलावट के संदेह में नष्ट कराया पनीर

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शेष करीब 698 किलो पनीर को अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित होने और मिलावट के संदेह के आधार पर नष्ट करा दिया। विभागीय कार्रवाई के बाद निर्माण इकाई को बंद करा दिया गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित, सादात और विपिन कुमार शामिल रहे।

तीन माह में हुई प्रमुख कार्रवाई

1 सितंबर : सिंभावली क्षेत्र के तोड़रपुर में पनीर की तीन इकाइयों समेत अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। करीब 1300 किलो पनीर नष्ट कराया गया। छह इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें तीन के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि तीन इकाइयां बिना पंजीकरण संचालित मिलीं।

7 अक्टूबर : हापुड़ देहात क्षेत्र के लोदीपुर सोटावाली में देवफ्रेश क्रीम निर्माण इकाई पर छापेमारी की गई। खाद्य पदार्थों के 11 नमूने संग्रहित किए गए। करीब 530 किलो पैक क्रीम, 275 किलो सादी क्रीम, 500 किलो दही, 80 किलो मिल्क क्रीम और 22 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर का स्टाक मिला। इकाई संचालक को पुलिस के सुपुर्द किया गया और मुकदमा दर्ज कराया गया।

28 नवंबर : सिंभावली क्षेत्र के दतियाना गांव में रात करीब आठ बजे औचक निरीक्षण किया गया। करीब सात क्विंटल पनीर निर्मित मिला।अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारण और मिलावट के संदेह में करीब 698 किलो पनीर नष्ट कराया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।