विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बाढ़ ग्रस्त गांवों में पैसे लेकर दे रहे चारा... पशुओं को भूख से तड़पता देख तहसील में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Published: Mon, 11 Aug 2025 04:28 PM (GMT+05:30)

गढ़मुक्तेश्वर तहसील में बाढ़ से प्रभावित गड़ावली और नयाबांस के ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पर चारा न मिलने पर हंगामा ...और पढ़ें

बाढ़ प्रभावित गांवों की महिलाओं का चारे को लेकर तहसील में हंगामा।
बाढ़ प्रभावित गांवों की महिलाओं का चारे को लेकर तहसील में हंगामा।

HighLights

  1. बाढ़ पीड़ितों का तहसील में प्रदर्शन
  2. चारा वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप
  3. प्रशासन के दावों की खुली पोल

संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। गंगा खादर की तलहटी में बसे गड़ावली एवं नयाबांस गांव की बाढ़ प्रभावित लोगों ने तहसील मुख्यालय में सोमवार को जमकर हंगामा किया।

इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों पर पशुओं का चारा न उपलब्ध कराने का आरोप लगाया। नाराज ग्रामीणों को तहसीलदार ने पूरे मामले की जांच करने एवं चारा उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर शांत किया।

गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गड़ावली एवं नयाबांस के लोगों का प्रशासन की अनदेखी एवं भेदभाव पर सोमवार को आक्रोश फूट पड़ा। पशुओं को भूखा तड़पता देख उनका धैर्य जवाब दे गया।

आक्रोशित ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रालियों के माध्यम से बाढ़ के बीच से निकलकर तहसील मुख्यालय पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

ग्रामीणों का कहना था कि भूसा एवं हरा चारा लेकर जा रहे अधिकारी और कर्मचारी रुपये लेकर चारा दे रहे हैं। यदि पैसे नहीं दो तो पशु पालकों को चारा नहीं दे रहे हैं।

जंगल में कई फिट पानी होने के कारण उनके चारे की फसल नष्ट हो चुकी है। वहीं, प्रशासन द्वारा उनको चारा नहीं दिया जा रहा है, जिसके कारण उनके पशु भूख से तड़फ रहे है।

उन्होंने अधिकारियों पर मदद के नाम पर शोषण करने एवं आपदा में भी अवसर उठाने का आरोप लगाया।

हंगामा बढ़ता देख तहसीलदार राहुल कुमार नाराज ग्रामीणों के बीच पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच कराने एवं चारे की व्यवस्था का आश्वासन देकर उनको घर वापस भेजने के लिए प्रयासरत दिखाई दिए।

प्रशासन के दावाें की खुली पोल

गड़ावली एवं नयाबांस के ग्रामीणों द्वारा हंगामा करना इस बात का साफ संकेत दे रहा है कि प्रशासन की मदद से ग्रामीण खुश नहीं है।

ग्रामीणों ने बताया कि अधिकारी एवं कर्मचारी सहायता राशि में भी बंदरबाट कर रहे हैं तथा पैसे देने वाले लोगों की सहायता कर रहे हैं।

बता दे कि नयागांव इनायतपुर, गड़ावली, आलमपुर भगवंतपुर, बागड़पुर, कुदैनी की मंढैया, रामपुर न्यामतपुर, शाकरपुर, लठीरा गढ़ खादर, गंगा नगर टापू, नया गांव इनायतपुर, अब्दुल्लापुर, चक लठीरा, नया बांस आदि दर्जनों गांवों में बाढ़ कहर बरपा रही है।

बाढ़ के कारण लोगों को आवागमन के लिए नाव अथवा ट्रैक्टर आदि का सहारा लेना पड़ रहा है। फसल जलमग्न होने के कारण नष्ट हो गई है। जंगलों में दो से पांच फिट तक पानी भरा हुआ है।

मैं आज किसी कार्य से बाहर हूं। मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को हल कराया जाएगा तथा आरोपों की भी जांच कराई जाएगी।

- श्रीराम यादव, एसडीएम

यह भी पढ़ें- UP floods: बाढ़ ने उड़ाई लोगों की नींद, तेज बहाव के बीच मकानों से टकरा रहा पानी; देखिए इस जिले का हाल