ससुर और देवर ने की मारपीट, हुआ गर्भपात
गर्भवती महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग के चलते पिटाई करने से निकाले जाने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं महिला का आरोप है कि ससुर व देवर द्वारा की गई पिटाई में उसका गर्भपात हो गया। उसने पुलिस से कारवाई करने की गुहार लगाई है।
संवाद सहयोगी गढ़मुक्तेश्वर:
एक महिला ने ससुर एवं देवर पर मारपीट कर गर्भपात करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने थाने में पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी दस वर्ष पूर्व क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने को लेकर उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने लगे। आएदिन उसके साथ मारपीट करते थे। पिछले दस वर्ष से वह सास, ससुर, ननद, देवर का उत्पीड़न सहन कर रही है। जबकि उसका पति उसका पक्ष लेता है तो वह लोग उसके साथ भी मारपीट करते थे। पीड़िता ने बताया कि वह चार माह की गर्भवती थी। जिसकी जानकारी सास समेत ससुराल पक्ष को अन्य लोगों को थी। पीड़िता का आरोप है कि 10 जून को सास, ससुर, देवर, ननद ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसके ससुर, देवर की लात उसके गर्भ में लग गई, जिससे उसका गर्भपात हो गया। पीड़ित को गंभीर दशा में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कारवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।