छिजारसी टोल पर 3 करोड़ की बड़ी नकदी बरामद, कार के दरवाजों में छिपाए थे रुपये
राजस्व आसूचना निदेशालय ने हापुड़ में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर एक कार से तीन करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर नकदी बरामद किया गया है।
-1792340096108_m.webp)
हापुड़ में 3 करोड़ की बड़ी नकदी बरामद, जागरण।
HighLights
हापुड़ में DRI ने कार से तीन करोड़ रुपये पकड़े।
नकदी कार के दरवाजों के गुप्त खानों में छिपाई गई थी।
आयकर विभाग अब नकदी के स्रोत की गहन जांच कर रहा है।
जागरण संवाददाता, हापुड़। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर छिजारसी टोल के पास राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) की टीम ने एक कार से तीन करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है।
शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही कार में 35 लाख रुपये बैग में रखे थे, जबकि 2.65 करोड़ रुपये दरवाजों में बनाए गए विशेष गुप्त खानों में छिपाए गए थे।
पुलिस को मिली थी सूचना
कार सवार नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके। इसके बाद नकदी को गाजियाबाद आयकर विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, डीआरआइ- राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम को कार में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाए जाने की सूचना मिली थी।
इसके बाद अधिकारियों की टीम ने 17 अक्टूबर को कार का पीछा किया और छिजारसी टोल के पास उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान पहले एक बैग से 35 लाख रुपये मिले। गोपनीय जानकारी के आधार पर इसके बाद कार की गहन जांच की गई तो दरवाजों में गुप्त खाने बनाए जाने का पता चला। इन खानों को खोलने पर 2.65 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई। इस तरह कुल बरामद रकम तीन करोड़ रुपये बताई गई है
नेपाल सीमा से नकदी लाने की आशंका
जांच एजेंसियों को आशंका है कि नकदी नेपाल सीमा के रास्ते लाई गई थी। इसके बाद इसे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान खपाने की योजना हो सकती है। हालांकि, नकदी के चुनावी इस्तेमाल और नेपाल सीमा से इसके लाए जाने की आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच में इन पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
आयकर विभाग खंगालेगा नकदी का स्रोत
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार कार सवारों से बरामद रकम के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह नकदी का संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके। इसके बाद डीआरआइ की टीम ने नकदी गाजियाबाद आयकर विभाग को सौंप दी।
अब आयकर विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि रकम किसकी है, कहां से आई और इसे दिल्ली क्यों ले जाया जा रहा था। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारी आन रिकार्ड बोलने से बच रहे हैं।
