विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रूट एक होने के बावजूद वसूला जा रहा अलग-अलग किराया

By JagranEdited By:
Published: Tue, 26 Oct 2021 07:04 PM (IST)

संवाद सहयोगी धौलाना उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की अजब मनमानी है। एक ही रूट पर चलने वाली ब

रूट एक होने के बावजूद वसूला जा रहा अलग-अलग किराया
रूट एक होने के बावजूद वसूला जा रहा अलग-अलग किराया

संवाद सहयोगी, धौलाना:

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की अजब मनमानी है। एक ही रूट पर चलने वाली बसों में अलग-अलग किराया लिया जा रहा है। इसके विरोध में दैनिक यात्रियों द्वारा प्रधानों के सहयोग से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है, जिसे प्रदेश के परिवहन मंत्री को भेजा जाएगा।

समाना धौलाना गाजियाबाद रूट पर उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की दो बसों का संचालन होता हैं जिनमे एक बस कौशांबी डिपो और दूसरी बस साहिबाबाद डिपो की है। उक्त मार्ग पर अगर कोई यात्री साहिबाबाद डिपो की बस से धौलाना से गाजियाबाद तक की यात्रा करता है तो उसे पूरी यात्रा का एक टिकट लेकर मात्र 23 रुपये का भुगतान करना पड़ता है वहीं कौशांबी डिपो की बस द्वारा धौलाना से गाजियाबाद तक का किराया 26 रुपये है और यात्री का दो बार टिकट काटा जाता है। आरोप है कि इसकी वजह के बारे में पूछने पर परिचालक यात्री से अभद्रता पर उतारू हो जाता है। इस संबंध में कौशांबी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र गंगवार का कहना है कि यह समस्या इलेक्ट्रॉनिक मशीनों द्वारा काटे जा रहे टिकटों के कारण है क्योंकि मशीनों को अभी अपडेट नहीं किया गया है, जिस कारण यात्रियों से ग्रामीण सेवा का अलग शुल्क लिया जाता है और शहरी क्षेत्र का अलग। इस संबंध में उन्होंने आलाधिकारियों को सूचित कर दिया है। जल्द ही यह समस्या दूर हो जाएगी।

-------------

यात्रियों से उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम द्वारा एक ही रूट के लिए अलग अलग किराया वसूलना इस महंगाई के दौर में दैनिक यात्रियों के लिए किसी कुठाराघात से कम नहीं है। इस रूट पर इन बसों का इस्तेमाल ज्यादातर नौकरी करने वाले व मजदूर वर्ग के लोग ही करते हैं और इस प्रकार की सरकारी लूट जनता के साथ किसी धोखे से कम नहीं है।

-- वसीम सैफी

---------------

निगम द्वारा अवैध तरीके से अपना राजस्व बढ़ाने के यह नायाब तरीका खोजा गया है जो दैनिक यात्रियों की जेब में छेद कर रहा है। निगम के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस प्रकार की वसूली को बढ़ावा देना यह दर्शाता है की उन्हें नियम कानूनों की कोई परवाह नहीं है।

-- पुनीत गर्ग ---------------

प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को कम किराया देने की सुविधा राज्य सरकार ने दे रखी है। परंतु निगम द्वारा किया जा रहा बर्ताव प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को पलीता लगा रहे हैं, जिस कारण सरकार की छवि धूमिल हो रही है।

- शैलेंद्र प्रताप राणावत

--------------------

एक तो मसूरी धौलाना गाजियाबाद रूट पर निगम द्वारा कम संख्या में बसों का परिचालन हो रहा है। ऊपर से इस प्रकार का व्यवहार निगम की कमाई पर असर डालेगा और क्षेत्र डग्गामार वाहनों की संख्या में इजाफा करेगा। इस तरफ अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।

- अतुल गहलोत