दहेज हत्या के मामले में पांच आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
थाना बाबूगढ़ के कस्बा क्षेत्र निवासी विवाहिता की 23 जुलाई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जागरण संवाददाता, हापुड़

बता दें कि बाबूगढ़ कस्बा निवासी दीपक की शादी चार वर्ष पहले जनपद बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव सैदपुर खुर्रमपुर निवासी राजेंद्र की पुत्री पायल उर्फ पूनम से शादी हुई थी। कुछ दिन पहले पायल की तबीयत खराब होने पर मायके पक्ष के लोग उसे अपने साथ ले गए, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग पायल को वापस ससुराल ले आए। 23 जुलाई की रात में संदिग्ध परिस्थिति में पायल की मौत हो गई थी। सूचना पर मायके पक्ष के लोग बाबूगढ़ पहुंचे।
मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के मुंह से झाग निकलते हुए देखकर ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगा हंगामा कर दिया था। मामले की जानकारी पर सीओ राजेश कुमार टीम के साथ वह मौके पर पहुंचे और मायके पक्ष के लोगों को शांत कराया था। मायके पक्ष के लोगों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। थाना बाबूगढ़ प्रभारी राहुल चौधरी ने बताया कि ससुराल पक्ष के दीपक, रोहताश, सुनीता, अमित और मोना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।