Coronavirus: निजामुददीन तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे हापुड़ के भी दो लोग, मचा हड़कंप
Coronavirus दिल्ली के निजामुददीन तब्लीगी जमात मरकज से देश में वापस लौटे कुछ लोगों में कोरोना संक्रमित पाए जाने से पूरे देश में हड़कंप मच गया है।
हापुड़, जागरण संवाददाता। दिल्ली के निजामुददीन तब्लीगी जमात मरकज से देश में वापस लौटे कुछ लोगों में कोरोना संक्रमित पाए जाने से पूरे देश में हड़कंप मच गया है। जमात में शामिल होने वालों में दो लोग हापुड़ के बताए जा रहे हैं। पुलिस-प्रशासन ने दोनों लोगों को तलाश कर लिया है। जिनमें से एक दिल्ली में और एक मेरठ में मौजूद है। वहीं इसको लेकर हापुड़ में भी अलर्ट जारी कर दिया है।
दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात मरकज का आयोजन हुआ था। जिसमें देश-विदेश से हजारों लोग शामिल होने गए थे। इनमें से कुछ लोगों कोराना वायरस संक्रमित मिले। इस जमात से देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग पहुंच गए। मामला सामने आने के बाद देशभर में हड़कंप मच गया। जिसके बाद जमात में शामिल होकर अपने-अपने घर लौटे लोगों की सूची जारी की गई। सोमवार को जब सूची हापुड़ जिला प्रशासन के पास पहुंची तो उसमें दो लोग हापुड़ के बताए गए थे। सूची मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनो लोगों की तलाश कराई गई।
अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव ने बताया कि एक व्यक्ति दिल्ली में ही मौजूद है, जबकि दूसरा व्यक्ति जनपद मेरठ का निवासी है। दूसरे व्यक्ति के संबंध में मेरठ प्रशासन को जानकारी दे दी है। साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से जमात में शामिल होने जनपद से गए लोगों से अपीली की जा रही है कि वह प्रशासन को सूचना दें। इसके लिए अपनी तहसील के उपजिलाधिकारियों से या कंट्रोल रूम के नंबर 0122-2304834 पर सूचना दें। ताकि स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर जांच कराई जा सके।
बता दें कि दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात मरकज में कुल 1830 लोग शामिल हुए थे। इसमें 281 लोग विदेशी भी थे। यहां पर यूपी से भी 156 लोग शामिल हुए थे। जिनमें दो लोग हापुड़ जिले से हैं। निजामुद्दीन में गए 24 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। बाकी बचे लोगों में भी कोरोना संक्रमण की आशंका है। इसमें शामिल होने वाले लोगों की जांच की जा रही है। जबकि इसमें शामिल कई लोगों का पता लगाया जा रहा है। ताकि अन्य लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाया जा सके।