हापुड़ में 1 साल पुराना वादा पूरा करने की तैयारी, इसी साल मिलेगा पेंटून पुल का फायदा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गढ़ गंगा और अमरोहा के तिगरी मेले को जोड़ने वाले पेंटून पुल को इसी साल 18 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
-1794744060718_m.webp)
हापुड़ में सीएम योगी। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री ने गढ़ गंगा-तिगरी पेंटून पुल इसी साल बनाने को कहा।
मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर दिया।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्टालों का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, हापुड़। गढ़ गंगा और अमरोहा के तिगरी मेले के बीच आवागमन आसान बनाने का एक साल पुराना वादा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिर दोहराया ही नहीं, बल्कि इसे इसी साल पूरा करने के निर्देश भी दे दिए। दोनों मेलों को गंगा नदी पर बनने वाले पेंटून (पीपे के) पुल से जोड़ने की योजना अब धरातल पर उतरने की तैयारी में है।
शनिवार को गढ़ गंगा मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इसी साल श्रद्धालुओं को पुल का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए 18 नवंबर तक पुल को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
दरअसल, पिछले वर्ष गंगा मेले के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गढ़ और अमरोहा के तिगरी मेले को आपस में जोड़ने के लिए पेंटून पुल बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद दोनों जिलों के अधिकारियों ने कई दौर की बैठकें कीं और परियोजना की व्यवहार्यता का परीक्षण कराया। गढ़ गंगा की ओर तट कच्चा होने के कारण निर्माण में तकनीकी अड़चनें सामने आईं।
इसके चलते पुल को 2027 के मेले तक तैयार करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन शनिवार को मुख्यमंत्री ने इसी साल पुल शुरू करने के निर्देश दे दिए। पुल बनने से दोनों मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक आयोजन की भव्यता भी बढ़ेगी। फिलहाल यह पुल केवल पैदल यात्रियों के लिए ही बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे सड़क मार्ग से गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र में आयोजित कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में पहुंचे। उन्हें हेलीकाप्टर से आना था, लेकिन धुंध के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी।
वह गाजियाबाद से सड़क मार्ग के जरिए मेला स्थल पहुंचे। यहां प्रभारी मंत्री केपी मलिक, अमरोहा सांसद कंवर सिंह तंवर, विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, विजयपाल आढ़ती, धर्मेश तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे, मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, एडीजी भानु भास्कर, जिला पंचायत प्रशासक रेखा नागर और जिलाधिकारी कविता मीना ने उनका स्वागत किया।
सदर बाजार में किया स्टालों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने मेला स्थल के सदर बाजार में पहुंचकर दुकानों और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गढ़-तिगरी मेला लोकल फार वोकल की भावना पर आधारित होना चाहिए। स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा दिया जाए, ताकि स्थानीय कारीगरों और कारोबारियों को भी लाभ मिल सके।
उन्होंने एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों से भी बातचीत की।
गंगा आरती कर लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने मां गंगा का पूजन और आरती कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद हापुड़ और अमरोहा के प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि गंगा मेले का आयोजन कुंभ की तर्ज पर किया जा रहा है।
वहीं, ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साफ-सफाई, पेयजल, ठहरने, खानपान और यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए व्यवस्थाओं को लेकर जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जनप्रतिनिधियों को भी श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुविधाओं का फीडबैक लेने की जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला 17 से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से मेरठ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, पूर्व विधायक कमल मलिक, मोहन सिंह, चेयरपर्सन पुष्पा देपी, चेयरमैन गढ़मुक्तेश्वर राकेश बजरंगी और जयभगवान शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह सुविधा मिलने से होगी आसानी
- - इस साल मुख्य मेला मार्ग को 55 फीट से बढ़ाकर 100 फीट का किया गया है, जिससे जाम न लगे।
- - गढ़मुक्तेश्वर से मेला मार्ग को पांच से बढ़ाकर आठ मीटर किया गया है, जिससे जाम न लगे।
- - शौचालयों की संख्या 12 सौ से बढ़ाकर दो हजार की गई है।
- - पेयजल के नलों की संख्या 12 सौ से बढ़ाकर 25 सौ की गई है।
- - मोबाइल नेटवर्क के लिए टावर की संख्या एक से बढ़ाकर चार की गई है।
- - स्नान के दौरान डूबने से बचाने के लिए जेट्टी बेरीकेडिंग लगाई गई है।
मेले में इस साल श्रद्धालुओं की संख्या पिछले सालों के मुकाबले ज्यादा रहने का अनुमान है। हमने उसके हिसाब से तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने पाएगी। यात्रियों से सहयोग की अपील की गई है। दिव्यांग, वृद्ध व महिला सभी को आराम से स्नान करने का अवसर मिलेगा। - कविता मीना, जिलाधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।