टिकट के लिए दावेदारी तेज, भाजपा और बसपा से ठोकना चाहते हैं ताल
शुभम गोयल हापुड़ आगामी दिनों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होंगे। इस चुनाव को लड़ने के इच्छ
शुभम गोयल, हापुड़ :
आगामी दिनों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होंगे। इस चुनाव को लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतर गए हैं। गांवों में आए दिन ग्रामीणों के साथ बैठकें की जा रही हैं। अब मात्र जिला पंचायत और ग्रामों का आरक्षण तय होने का इंतजार प्रत्याशी और राजनीतिक दल कर रहे हैं, जिसके बाद बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो जाएंगी।
जनपद में जिला पंचायत के 19 वार्ड हैं, जिसको लेकर बड़े स्तर पर रणनीति बनाई जा रही है। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद के पदाधिकारी अपने-अपने स्तर पर तैयारी कर रहे हैं। भाजपा आगामी दिनों में बड़े स्तर पर देहात के इलाकों में लोगों के बीच पहुंचेगी।
जनपद की बात की जाए तो सबसे अधिक उम्मीदवार भाजपा और बसपा से समर्थन मांग रहे हैं। इसके बाद सपा से टिकट मांगने वाले प्रत्याशी शामिल हैं। जबकि, कांग्रेस और रालोद से समर्थन मांगने वालों की संख्या ना के बराबर है।
बता दें कि जिले में सबसे अधिक मारामारी जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में टिकट पाने के लिए है। इसलिए राजनीतिक दलों के नेताओं के दरबार में लगातार उम्मीदवार हाजिरी दे रहे हैं। कुछ उम्मीदवार जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। जबकि, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत के लिए निर्दलीय उम्मीदवार सबसे अधिक हैं। इसी प्रकार जिला पंचायत में भी निर्दलीय चुनाव लड़ने की इच्छा बड़ी संख्या में उम्मीदवार जता रहे हैं। उनका मानना है कि इस चुनाव में आपसी संबंधों आदि को देखकर ग्रामीण वोट करते हैं। इसलिए किसी भी राजनीतिक दल से समर्थन उन्हें भारी पड़ सकता है। क्या कहते हैं राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष -
शुक्रवार (आज) से मंडलों की बैठक होंगी। इसके बाद जिला पंचायत वार्ड, सेक्टर संयोजक, सेक्टर प्रभारी और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक होगी। इसके बाद समाज के प्रभावशाली लोगों से संपर्क होगा। ग्राम चौपाल और ग्रामीणों के साथ बैठकें होंगी। हर गांव का राजनीतिक, सामाजिक और भौगोलिक स्थिति को देख रहे हैं। हर वार्ड में तीन बड़ी सभाएं होंगी। एक-एक वार्ड से दस-दस आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। - उमेश राणा, जिलाध्यक्ष, भाजपा वार्डों का आरक्षण तय होने के कुछ दिन बाद ही पार्टी प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी। एक-एक वार्ड पर तीन से लेकर पांच आवेदन तक मिले हैं। तीन से कम आवेदन किसी भी वार्ड पर नहीं हैं। पार्टी पहले से भी ज्यादा वार्डों पर चुनाव जीतेगी। लोग सपा को अधिक से अधिक वोट करेंगे। - तेजपाल प्रमुख, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी अभी वार्डों के आरक्षण तय होने का इंतजार किया जा रहा है। आरक्षण तय होने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती का जो भी आदेश होगा, उसी के साथ जनपद में पार्टी कार्य करेगी। उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिला पंचायत के एक-एक वार्ड से दस से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। कुछ वार्डों पर तो 15 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
- डॉ. ए.के. कर्दम, जिलाध्यक्ष, बसपा वर्तमान में न्याय पंचायत की बैठकें गांवों में की जा रही हैं। हर वार्ड पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। सिबल को लेकर अभी कुछ तय नहीं हुआ है। हर वार्ड से आवेदन प्राप्त हुए हैं। कौन मजबूती से चुनाव लड़कर जीत सकता है, इसके लिए गांवों में पार्टी स्तर से सर्वे कराया जा रहा है।
- मिथुन सुबोध त्यागी, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस