यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CAA UP Protest: हापुड़ में हाई अलर्ट, पड़ोसी जिले गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा बंद
एहतियात के तौर पर हापुड़ में पुलिस हाई अलर्ट पर है। जबकि पड़ोसी जिले गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा बंद बंद कर दी गई है।

गाजियाबाद/हापुड़, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पिछले सप्ताह हुए बवाल के बाद आज एहतियात के तौर पर हापुड़ में पुलिस हाई अलर्ट पर है। जबकि पड़ोसी जिले गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा बंद बंद कर दी गई है। कैला भट्ठा इलाके में बड़ी संख्या पुलिस तैनात हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों को बच्चों ने गुलाब का फूल दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को हापुड़ में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में अपर जिलाधिकारी को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ज्ञापन दिया। लोगों की मांग है कि सरकार इसे वापस ले।
.jpg)
गाजियाबाद में इंटरनेट बंद
उधर, दिल्ली से सटे गाजियाबाद में हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए इंटरनेट सेवा बंद है। जिले में देर रात से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गईं है। मिश्रित आबादी में गश्त बढ़ाने के अलावा पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मुस्लिम समाज के प्रमुख लोगों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि लखनऊ में 19 दिसंबर को सीएए के विरोध में हिंसा के बाद 20 दिसंबर को कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर, अमरोहा सहित करीब 15 जिले सुलग उठे थे। जुमे की नमाज के बाद कई स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन, आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। पुलिस बमुश्किल स्थिति नियंत्रित कर सकी थी।
शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
इससे पहले हापुड़ में बृहस्पतिवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जनपद के शहरी व ग्रामीण इलाकों में गणमान्य लोगों के साथ शांति समिति की बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा बाबूगढ़ थाने में उपजिलाधिकारी व सीओ सिटी ने लोगों के साथ बैठक की। हाफिजपुर थाने उपजिलाधिकारी धौलाना विशाल यादव और थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र यादव ने लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। थाना देहात में उपजिलाधिकारी, सीओ सिटी और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश भारती ने बैठक में लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
कानून के पर्चे को लेकर किया जागरूक
नागरिकता संशोधन कानून 2019 के तहत लोगों को जागरूक करने के मकसद से कोतवाली परिसर में बैठक के उपरांत पर्चे वितरित किए गए। जिसके माध्यम से बताया कि नागरिकता संशोधन कानून देशहित में है। इससे भारत के अल्पसंख्यकों विशेषकर मुसलमानों का कोई अहित नहीं है। बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह ने लोगों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने की मांग की। बैठक में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। वहीं धौलाना थाने में उपजिलाधिकारी विशाल यादव, पुलिस क्षेत्रधिकारी पीपी सिंह एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रवि रतन ने लोगों के साथ बैठक की और शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया।
