Move to Jagran APP

हापुड़ में टोल टैक्स मांगने पर बूथ पर चलाया बुलडोजर, मची अफरातफरी; वाहनों की लगी लंबी लाइन

हापुड़ में टोल टैक्स मांगने पर युवक ने बूथ पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान आरोपी ने टोल बूथ पर जमकर तोड़फोड़ की। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब नौ बजे एक युवक जेसीबी लेकर छिजारसी टोल पर पहुंचा। वहां टोलकर्मियों ने उससे टोल टैक्स की मांग की। इससे नाराज होकर युवक ने टोल बूथ पर बुलडोजर चला दिया। उसने बूथ संख्या 14 और 15 को तोड़ डाला।

By Dharampal Arya Edited By: Abhishek Tiwari Tue, 11 Jun 2024 10:43 AM (IST)
हापुड़ में टोल टैक्स मांगने पर बूथ पर चलाया बुलडोजर, मची अफरातफरी; वाहनों की लगी लंबी लाइन
टोल मांगने पर रार, दो बूथ पर तोड़फोड़ कर जेसीबी का चालक हुआ फरार

ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। पिलखुआ में एनएच-9 पर स्थित छिजारसी टोल प्लाजा पर मंगलवार सुबह अजीबोगरीब मामला देखने को मिला। वहां पर एक बुलडोजर के चालक ने टैक्स मांगने पर टोल प्लाजा पर बुलडोजर चला दिया। वहां पर जमकर तोड़फोड़ कर डाली। इससे मौके पर मौजूद टोल कर्मियों और अन्य लोगों में अफरातफरी मच गई।

केबिन में बैठे कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। वहां पर वाहन चालकों को डर था कि कहीं बुलडोजर की टक्कर से टोल प्लाजा का पूरा केबिन ही टूट कर न गिर न जाए। जब तक टोलकर्मी एकत्र हो पाते, आरोपित चालक बुलडोजर समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार छिजारसी टोल प्लाजा पर एक बुलडोजर हापुड़ की ओर से आया। जब वह टोल पर पहुंचा तो टोलकर्मी ने शुल्क की मांग की। इसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।

इतने में चालक ने आपा खो दिया और गुस्सा होते हुए टोल प्लाजा पर बुलडोजर चला दिया। वहां पर तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। इससे वहां मौजूद टोलकर्मियों में अफरातफरी मच गई और टोलकर्मी बुलडोजर से दूर भाग गए।

बुलडोजर चालक हुआ फरार

पुलिस ने बताया कि बुलडोजर चालक ने केबिन नंबर 15-16 पर बुलडोजर से कई प्रहार कर डाले। इससे बूथ क्षतिग्रस्त हो गए। डर के चलते कोई बुलडोजर के सामने नहीं आ रहा था। तोड़फोड़ करने के बाद चालक वहां से बुलडोजर लेकर गाजियाबाद की ओर फरार हो गया।

इस घटना की सूचना टोल कर्मचारियों ने पिलखुवा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बुलडोजर के नंबर के आधार पर पुलिस उसके बारे में जानकारी कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

टोल कर्मी ने किसी तरह बचाई जान

जब बुलडोजर चालक ने वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी, उस समय एक कर्मचारी टोल बूथ में अंदर ही मौजूद था। बुलडोजर चलते ही कर्मचारी ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बताई।

टोल को लेकर आए दिन हो रहे विवाद

टोल प्लाजा पर टैक्स को लेकर आए दिन विवाद के मामले सामने आ रहे हैं। 21 फरवरी को छिजारसी टोल प्लाजा पर कार सवारों ने टोल कर्मी को कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया था।

घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था। अभी दो दिन पहले रात को एक कर्मचारी को रौंदते हुए तेज रफ्तार कार टोल से होकर निकल गई थी। इसके अलावा भी जनपद के तीनों टोल प्लाजा पर आए दिन विवाद के मामले में सामने आ रहे हैं।

वाहनों की लगी कतार

छिजारसी टोल प्लाजा पर टोल मांगने पर हुए विवाद के बाद वाहनों की कतार लग गई। वाहन चालकों में अफरा तफरी मच गई। वाहन चालकों ने अपने अपने वाहनों को टोल बूथ से दूर ही रोक लिया था।

टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।