विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रजघाट के होटलों और धर्मशालाओं में चल रहा 'गंदा खेल', झपटमारों के आतंक से सहमे श्रद्धालु; स्थानीय लोगों नाराज

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:34 PM (IST)

ब्रजघाट में झपटमारी, नशा कारोबार और होटलों में अनैतिक गतिविधियों से तीर्थ नगरी की छवि धूमिल हो रही है, जिससे श्रद्धालु और स्थानीय लोग चिंतित हैं। पुलिस प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण असामाजिक तत्वों का बोलबाला बढ़ रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. ब्रजघाट में झपटमारी, नशा कारोबार, अनैतिक कार्य बढ़ रहे हैं।

  2. होटलों-धर्मशालाओं में अनैतिक गतिविधियों से तीर्थ नगरी बदनाम हो रही है।

  3. पुलिस प्रशासन की लापरवाही से असामाजिक तत्वों का बोलबाला बढ़ा।

राममोहन शर्मा, ब्रजघाट। हापुड़ स्थित मिनी हरिद्वार की तर्ज पर विकसित हो रही तीर्थ नगरी ब्रजघाट पर कुछ असमाजिक तत्वों के कारण बदनामी का दाग लगना शुरू हो गया है।

अनैतिक कार्यो, झपटमारी, नशा कारोबार, चोरी आदि की घटनाओं ने यहां रहने वाले सभ्य समाज के लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। उनको अपने स्वजन को ऐसे लोगों से बचाकर संस्कार वान बनाने में कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है।

तीर्थ नगरी ब्रजघाट को मिनी हरिद्वार कहा जाता है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं। पूर्णिमा, अमावस्या अथवा किसी विशेष पर्व पर यह संख्या लाखों में तब्दील हो जाती है।

हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली प्रदेश के साथ ही हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद आदि जिलों के श्रद्धालु यहां गंगा स्नान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए आते हैं। इसके कारण यहां के हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है।

पुलिस प्रशासन की मिलीभगत अथवा लापरवाही के कारण कुछ वर्षो में यहां असमाजिक तत्वों का बोलबाला हो गया है। यहां नशा, चोरी, श्रद्धालुओं से झपटमारी, कई होटल एवं धर्मशालाओं में हो रहे अनैतिक कार्य तीर्थ नगरी की प्रसिद्धी में बदनुमा दाग लगा रहे हैं।

हालात यह है कि हाईवे पर बने टोल से लेकर गंगा घाट एवं नाव तक अवैध रुप से कार्य करने वालों लोगों का मकड़जाल फैला हुआ है। झपटमारों का आतंक इतना है कि कोई बाहरी व्यक्ति अपने कपड़ों की पोटली एवं सामान लेकर सहीं सलामत गंगा घाट तक नहीं पहुंच सकता है। उसको कार में ही घेर लिया जाता है तथा मौका लगते ही उसके सामान को झपटकर फरार हो जाते हैं।

बोले लोग

हमने अनेक बार अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता की है। हमने उनसे कहा है कि यदि आपको सत्यता जांचनी है तो आप कपड़ों की पोटली एवं सामान लेकर हाईवे से गंगा घाट तक सकुशल पहुंच कर दिखा तो हम यहां के हालात को सामान्य मान लेंगे। लेकिन अधिकारी यहां होने वाली समस्याओं को हल करने में गंभीर नहीं है।

यहां के हालात असमाजिक तत्वों के कारण काफी खराब हो चुके हैं। पुलिस प्रशासन को कुंभकर्णी नींद से जगाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है, लेकिन आश्वासन से आगे कोई ठोस परिणाम आज तक सामने नहीं आया है। सभ्य समाज के लोगों का यहां रहना मुश्किल हो रहा है।

- गौरव मिश्रा

यदि जल्द हालात पर काबू नहीं पाया गया तो तीर्थ नगरी पर इसका गहरा असर पड़ेगा। श्रद्धालुओं के कारण यहां के लोगों को रोजगार मिल रहा है। यदि उनके साथ ही अभद्रता होगी तो फिर यहां कोई क्यो आना चाहेगा। यहां का माहौल काफी तेजी से खराब हो रहा है।

- सतनाम यादव

पुलिस प्रशासन को समय- समय पर होटल एवं धर्मशालाओं में औचक चेकिंग अभियान चलाना चाहिए। झपटमारों पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज होनी चाहिए। यहां आकर बसे लोगों की आधार कार्ड से पहचान होनी चाहिए। अवैध एवं अनैतिक कार्य करने वालों पर शिकंजा कसा जाना चाहिए।

-राजकुमार शर्मा उर्फ लाल

समय- समय पर वहां चेकिंग अभियान चलाया जाता है। इसमें अनेक लोगों पर कार्रवाई भी की जाती है। जल्द ही प्रशासन की टीम के साथ मिलकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। तीर्थ नगरी में किसी को भी गलत कार्य नहीं करने दिया जाएगा । - राहुल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।