मंडलायुक्त के आने से पहले अतिक्रमण पर चला पीला पंजा
पालिका प्रशासन द्वारा 15 दिन पहले मिले नोटिस को गंभीरता से न लेना अतिक्रमणकारियों के लिए भारी पड़ गया। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त और आईजी के आने से पहले पालिका प्रशासन ने मेरठ रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर : पालिका प्रशासन द्वारा 15 दिन पहले दिए गए नोटिस को गंभीरता से नहीं लेना अतिक्रमणकारियों को भारी पड़ गया। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त और पुलिस महानिरीक्षक के आने से पहले पालिका प्रशासन ने मेरठ रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया। इस बीच कुछ अतिक्रमणकारियों की अधिकारियों से नोंकझोंक भी हुई और कुछ अतिक्रमणकारी उनके सामने गिड़गिड़ाते नजर आए।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राममूर्ति त्रिपाठी ने लगभग 15 दिन पहले मेरठ रोड पर अतिक्रमण करने वाले लगभग 80 से लोगों को नोटिस जारी किए थे। उन्हें एक सप्ताह में स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। दीपावली से कुछ दिन पहले कुछ व्यापारियों के आश्वासन पर कुछ दिन के लिए अभियान टल गया था।
शुक्रवार दोपहर अधिशासी अधिकारी राममूर्ति त्रिपाठी पालिका कर्मियों की टीम और जेसीबी लेकर मेरठ रोड पर पहुंच गए। इसके बाद सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों की अधिकारियों और कर्मचारियों से नोंकझोंक भी हुई। जबकि कुछ अतिक्रमणकारी अफसरों के सामने गिड़गिड़ाते नजर आए। हालांकि अतिक्रमण हटाने वाले कर्मचारियों के मौके से जाते ही कुछ लोगों ने दोबारा अतिक्रमण कर लिया। अधिशासी अधिकारी राममूर्ति त्रिपाठी का कहना है कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना किया जाएगा।