भाजपा नेता के घर में घुसकर हमला, गांव प्रधान व उसका भाई गिरफ्तार
संवाद सहयोगी धौलाना थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव निवासी भाजपा नेता के घर में घुसकर गांव प
संवाद सहयोगी, धौलाना
थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव निवासी भाजपा नेता के घर में घुसकर गांव प्रधान व उसके साथियों के जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए स्थानीय अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नौ आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपित गांव प्रधान व उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया।
गांव बासतपुर प्रधान राजकुमार उर्फ राजू व गांव निवासी भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री प्रेमपाल सिंह से बीच बृहस्पतिवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। इसपर गुस्साए गांव प्रधान व उसके साथी धारदार हथियारों से लैस होकर भाजपा नेता के घर में घुस गए। विरोध करने पर आरोपितों ने भाजपा नेता व उसके परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया। हमले में भाजपा नेता समेत एक महिला व एक पुरूष घायल हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि मामलें में प्रधान सहित नौ आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव प्रधान व उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।