14 मरीजों में हुई कोरोना की पुष्टि, आठ मरीज हुए स्वस्थ
जनपद में शुक्रवार को कोरोना के 14 और नए मरीज मिले हैं। इन मरीजों में कोरोना की पुष्टि 1
जागरण संवाददाता, हापुड़
जनपद में शुक्रवार को कोरोना के 14 और नए मरीज मिले हैं। इन मरीजों में कोरोना की पुष्टि 1800 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट में हुई है। कोरोना संक्रमितों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। इनमें चार मरीजों की पुष्टि सरकारी लैब और 10 मरीजों की पुष्टि एंटीजन किट से हुई है, जबकि आठ मरीज और स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। जनपद में अभी तक 670 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 526 मरीज अभी तक स्वस्थ हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लैब से शुक्रवार को 850 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इन रिपोर्ट में से चार मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इनमें से दो मरीज अच्छेजा और दो मरीज धौलाना निवासी हैं। जबकि 950 संदिग्ध मरीजों की जांच एंटीजन किट द्वारा की गई। इसमें 10 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। एंटीजन किट की जांच में कोरोना पॉजिटिव मिला एक मरीज आवास विकास कॉलोनी, एक मरीज गंगापुरा, एक मरीज महेशपुरा, एक मरीज सुभाषनगर, एक मरीज रमपुरा, एक मरीज पिलखुवा, एक मरीज मस्ताननगर, दो मरीज बक्सर और एक मरीज उपाध्याय नगर निवासी है।
वहीं आठ और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है, जिसके बाद सभी मरीजों को स्वस्थ घोषित कर घर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने आठों मरीजों को होम क्वारंटाइन करा दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि 14 और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जबकि 8 मरीज स्वस्थ घोषित हो गए हैं। जनपद में अभी तक 670 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 526 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 130 मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। जबकि 14 मरीजों की अभी तक मौत हो चुकी है।